वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। मंगलवार को इलाके में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 34 मकानों को ध्वस्त किया जा रहा है। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेराबंदी में लेकर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
कार्राई के दौरान एडीएम सिटी आलोक वर्मा और एसीपी दशाश्वमेध के नेतृत्व में करीब 600 पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं। सुरक्षा कारणों से दालमंडी इलाके को खाली कराया जा रहा है और आम लोगों को क्षेत्र में प्रवेश न करने की अपील की गई है।

एसीपी अतुल अंजान ने बताया कि जिन भवनों को पहले से चिन्हित किया गया था, उन्हीं पर क्रमवार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ध्वस्तीकरण कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान आगजनी के एक मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य लोगों के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है। वहीं, लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सलीम को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

वह नवंबर 2025 में वीडीए के जोनल अधिकारी की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में वांछित था।सुरक्षा व्यवस्था के तहत मीडिया कर्मियों को भी बैरिकेडिंग के बाहर ही रोका गया है। पुलिस का कहना है कि किसी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है।
