वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के मैदागिन स्थित हरिश्चन्द्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में शनिवार को छात्रों ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के समर्थन में जुलूस निकालकर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्र नारेबाजी करते हुए परिसर में भ्रमण करते रहे और बाद में मुख्य द्वार की ओर बढ़ने का प्रयास किया।

मुख्य गेट पर पहुंचते ही जिला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से छात्रों को बाहर जाने से रोक दिया। मौके पर एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह और थाना प्रभारी कोतवाली ईशान सोनी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने छात्रों से संवाद कर स्थिति को शांत रखने की अपील की। इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

परिस्थिति को देखते हुए छात्र परिसर के भीतर ही जमीन पर बैठ गए और धरना देकर अपनी मांगों को रखा। छात्रों ने यूजीसी के समर्थन में अपनी बात मुखर रूप से सामने रखते हुए प्रशासन से संवाद किया।
प्रदर्शन में छात्रसंघ के पूर्व पुस्तकालय मंत्री राहुल कन्नौजिया, महामंत्री रोहित यादव, अध्यक्ष रवि गुप्ता, उपाध्यक्ष पीयूष यादव सहित शिवम यादव, मनीष सोनी, चन्दन सोनकर, बालेंदु, रवि सेठ, विवेक कुमार, शिवा सोनकर, मुहम्मद आसिफ समेत बड़ी संख्या में छात्र शामिल रहे। स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी रही और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
