(रणभेरी): मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना सुबह करीब 2:45 बजे उस समय हुई जब एक स्लीपर बस सड़क किनारे खड़ी थी और कुछ यात्री उससे उतरकर बाहर खड़े थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली के नागलोई से कानपुर देहात के रसूलाबाद जा रही थी। रास्ते में यात्रियों ने चालक से शौचालय के लिए बस रोकने का अनुरोध किया। बताया जा रहा है कि बस निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र के बजाय हाईवे पर ही रोक दी गई।

इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक कंटेनर ने पहले खड़ी बस को टक्कर मारी और फिर सड़क पर खड़े यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कई शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया। बाद में परिजनों ने कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर मृतकों की पहचान की।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल भेजा गया।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारण एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय तक लंबा जाम भी लगा रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।
