मृणाल ठाकुर के वायरल वीडियो ने फिर उड़ाईं अफ़वाहें, सच निकला फिल्मी सीन

मृणाल ठाकुर के वायरल वीडियो ने फिर उड़ाईं अफ़वाहें, सच निकला फिल्मी सीन

(रणभेरी): अभिनेत्री मृणाल ठाकुर एक बार फिर सोशल मीडिया चर्चाओं के केंद्र में हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो तेज़ी से वायरल हुआ, जिसमें वह प्रेग्नेंट नज़र आ रही हैं और उनका बेबी बंप साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आते ही अटकलों का बाज़ार गर्म हो गया और निजी ज़िंदगी को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे।

हालांकि, इन चर्चाओं पर जल्द ही विराम लग गया। सामने आया कि यह वीडियो मृणाल की किसी निजी ज़िंदगी से जुड़ी सच्चाई नहीं, बल्कि उनकी आने वाली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की शूटिंग का हिस्सा है। फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार, यह लुक कहानी की मांग के तहत तैयार किया गया है।

वायरल क्लिप में मृणाल गुलाबी रंग की मिडी ड्रेस में दिखाई दे रही हैं, जबकि अभिनेता वरुण धवन उनका हाथ थामे नजर आते हैं। मेकर्स ने साफ किया है कि वीडियो को वास्तविक जीवन से जोड़कर देखा जाना पूरी तरह भ्रामक है।

धनुष संग शादी की खबरें भी निकलीं अफ़वाह

गौरतलब है कि बीते दिनों मृणाल ठाकुर का नाम साउथ सुपरस्टार धनुष के साथ भी जोड़ा गया था। यहां तक कि दोनों की शादी को लेकर तारीख़ तक बताई जाने लगी और AI से बनी कथित शादी की तस्वीरें भी वायरल हुईं। इन तमाम खबरों को मृणाल की टीम ने सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि अभिनेत्री उस दौरान अपनी आगामी फिल्म ‘दो दीवाने शहर में’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं।

नई फिल्म के प्रचार में जुटीं मृणाल

मृणाल इन दिनों अभिनेता सिद्धार्थ चतुर्वेदी के साथ फिल्म दो दीवाने शहर में का प्रचार कर रही हैं। फिल्म का ट्रेलर वेलेंटाइन वीक के दौरान रिलीज़ किया जाना है, जिसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

दमदार स्टारकास्ट और चर्चित निर्देशन

डेविड धवन के निर्देशन में बन रही है जवानी तो इश्क होना है में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े प्रमुख भूमिकाओं में हैं। साथ ही मनीष पॉल, जिमी शेरगिल, मौनी रॉय, चंकी पांडे, राकेश बेदी और अली असगर जैसे कलाकार भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे।

‘बॉर्डर 2’ की सफलता में डूबे वरुण

इस बीच वरुण धवन अपनी हालिया रिलीज़ बॉर्डर 2 की कामयाबी का जश्न मना रहे हैं। फिल्म को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिला है और बॉक्स ऑफिस पर भी इसका प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। अब अभिनेता अपनी आने वाली परियोजनाओं की तैयारियों में जुट गए हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *