“गद्दार कौन?” होर्डिंग से रायबरेली में राजनीति गरम, राहुल गांधी को लेकर उठे सवाल

“गद्दार कौन?” होर्डिंग से रायबरेली में राजनीति गरम, राहुल गांधी को लेकर उठे सवाल

(रणभेरी): रायबरेली में उत्तर प्रदेश सरकार के एक मंत्री द्वारा लगाए गए विवादित होर्डिंग ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। इन होर्डिंग्स में कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला किया गया है, जिसके बाद जिले में सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की ओर से लगाए गए इन होर्डिंग्स में बड़े अक्षरों में सवाल उछाला गया है “गद्दार कौन?” इसके साथ ही कांग्रेस नेतृत्व और उससे जुड़े नेताओं पर गंभीर आरोपात्मक टिप्पणियां की गई हैं। होर्डिंग्स की भाषा और प्रस्तुति को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर चल पड़ा है।

इन होर्डिंग्स में कांग्रेस पर देश की जनता से विश्वासघात करने जैसे आरोप लगाए गए हैं। साथ ही, विभिन्न राष्ट्रीय विभूतियों और राजनीतिक हस्तियों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की नीतियों और नेतृत्व पर सवाल खड़े किए गए हैं। संदेश में यह भी संकेत दिया गया है कि कांग्रेस से अलग हुए नेताओं को लेकर दोहरा मापदंड अपनाया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, होर्डिंग विवाद से एक दिन पहले मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी इसी तरह का पोस्ट साझा किया था। इसके बाद शहर के अलग-अलग इलाकों में ऐसे होर्डिंग्स दिखाई देने लगे, जिससे मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया। फिलहाल, रायबरेली में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बनी हुई है। कांग्रेस समर्थकों में नाराज़गी देखी जा रही है, जबकि सत्तारूढ़ दल के नेता इसे राजनीतिक अभिव्यक्ति बता रहे हैं। प्रशासन की ओर से अभी तक इस पूरे प्रकरण पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *