UGC लागू करने की मांग पर काशी विद्यापीठ में छात्रों का ‘हल्ला बोल’, ड्रोन निगरानी के बीच कैंपस में भारी पुलिस तैनात

UGC लागू करने की मांग पर काशी विद्यापीठ में छात्रों का ‘हल्ला बोल’, ड्रोन निगरानी के बीच कैंपस में भारी पुलिस तैनात

वाराणसी (रणभेरी):महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शुक्रवार को UGC रेगुलेशन लागू करने की मांग को लेकर छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सुप्रीम कोर्ट द्वारा UGC कानून पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाए जाने के बाद OBC, SC और ST वर्ग के छात्र नाराज हैं और इसे फिर से लागू करने की मांग कर रहे हैं।विश्वविद्यालय में इस समय ग्रेजुएशन की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कैंपस में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है, भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया पर पहले से किए गए आह्वान के बाद बड़ी संख्या में छात्र परिसर में जुटने लगे, जिससे पूरा कैंपस छावनी में तब्दील नजर आया।प्रदर्शनकारी छात्र समाज चौराहे पर एकत्र होकर नारेबाजी करते हुए मानविकी संकाय से प्रशासनिक कार्यालय की ओर बढ़े। इस दौरान परिसर में हलचल और तनाव का माहौल बना रहा। बाद में छात्र समाज चौराहे से केंद्रीय पुस्तकालय तक पहुंचे और तख्तियां लेकर प्रदर्शन जारी रखा। छात्रों ने “द्रोणाचार्य होशियार, अंगूठा काटना बंद करो”, “100 में से 90 शोषित हैं, 90 भाग हमारा है” और “UGC लागू करो” जैसे नारे लगाए।मौके पर मौजूद एसीपी ईशान सोनी ने बताया कि छात्रों द्वारा UGC के समर्थन में कार्यक्रम आयोजित किया गया था और उन्हें प्रॉक्टोरियल बोर्ड व प्रशासन से मिलकर अपनी बात रखनी थी। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है।इस हल्ला बोल प्रदर्शन का सोशल मीडिया पर भी व्यापक प्रचार किया गया। ‘Rohit Saini’ नामक फेसबुक आईडी से जारी पोस्टर में SC/ST/OBC छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए सुबह 10 बजे काशी विद्यापीठ पहुंचने का आह्वान किया गया था। SC/ST/OBC एकता मंच ने भी पोस्टर जारी कर लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।प्रदर्शन के मद्देनजर चीफ प्रॉक्टर प्रो. केके सिंह ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं और पढ़ाई एक साथ चल रही हैं, इसलिए विश्वविद्यालय परिसर में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। 5 फरवरी से सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।छात्रों को परिसर में प्रवेश के लिए परिचय पत्र या फीस रसीद साथ लाना अनिवार्य किया गया है। बिना वैध पहचान या कारण के परिसर में पाए जाने पर अनुशासनात्मक और विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।फिलहाल प्रशासन और सुरक्षा बल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और परिसर में शांति बनाए रखने की कोशिश जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *