वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए एक सराहनीय पहल सामने आई है। गुजरात के अहमदाबाद से आए श्रद्धालु सोमनाथ द्वारा मंदिर को आठ-सीटर गोल्फ कार्ट की पांच गाड़ियां दान की गई हैं।
श्रद्धालु सोमनाथ ने बताया कि दर्शन के लिए आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को पैदल मार्ग पर चलने में कई बार असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने यह सेवा मंदिर प्रशासन को समर्पित की, ताकि जरूरतमंद श्रद्धालु बिना कठिनाई के भगवान विश्वनाथ के दर्शन कर सकें।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, ये गोल्फ कार्ट गोदौलिया और मैदागिन क्षेत्र से मंदिर परिसर तक आने-जाने वाले बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए उपयोग में लाई जाएंगी। इससे न सिर्फ यात्रा का समय घटेगा, बल्कि दर्शन व्यवस्था भी अधिक सुव्यवस्थित और मानवीय बनेगी।

इस अवसर पर नगर निगम के महापौर, मंडलायुक्त सहित काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस तरह के सहयोग भविष्य में भी स्वागतयोग्य हैं। मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी और काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन का अनुभव और भी सुगम व श्रद्धालु-अनुकूल होगा।
