काशी तमिल संगमम का पहला जत्था बनारस पहुंचा, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा स्टेशन

काशी तमिल संगमम का पहला जत्था बनारस पहुंचा, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा स्टेशन

207 छात्रों का तिलक लगाकर और फूल-मालाओं से हुआ भव्य स्वागत, ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमे विद्यार्थी; काशी के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का करेंगे भ्रमण

वाराणसी (रणभेरी): काशी तमिल संगमम के तहत तमिलनाडु से आए छात्रों का पहला जत्था शुक्रवार की शाम आठ बजे बनारस स्टेशन पहुंचा। कन्याकुमारी से आए 207 छात्रों के दल का रेलवे की ओर से पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। स्टेशन परिसर ढोल-नगाड़ों की गूंज और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। छात्रों के माथे पर तिलक लगाकर और फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया।

ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही स्वागत के लिए पहले से मौजूद रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने छात्रों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की थाप सुनते ही छात्र भी खुशी से झूम उठे। सभी ने एक स्वर में हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। काशी की इस मेहमाननवाजी को देखकर छात्रों के चेहरे खिल उठे। कई विद्यार्थियों ने स्वागत के इन पलों को अपने मोबाइल में कैद किया। स्टेशन पर मौजूद यात्री भी इस नजारे को देखने के लिए ठहर गए।

काशी तमिल संगमम का पहला जत्था बनारस पहुंचा, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा स्टेशन

इस दौरान रेलवे के अधिकारियों ने छात्रों से मुलाकात कर उनकी यात्रा का हाल जाना और काशी प्रवास के लिए शुभकामनाएं दीं। स्वागत कार्यक्रम के बाद सभी छात्रों को बसों के जरिए उनके निर्धारित ठहरने के स्थान पर भेजा गया। रेलवे की ओर से उनके रहने, खाने और भ्रमण की व्यवस्था की गई है।

काशी के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का करेंगे भ्रमण

काशी तमिल संगमम के तहत आए छात्र अगले कुछ दिनों तक काशी में प्रवास करेंगे। इस दौरान वे श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन, गंगा आरती में सहभागिता के साथ सारनाथ, प्रयागराज और अयोध्या के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इसके अलावा स्थानीय विद्यार्थियों से संवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भागीदारी और बनारसी खानपान का अनुभव भी उनके कार्यक्रम का हिस्सा होगा।

काशी तमिल संगमम का पहला जत्था बनारस पहुंचा, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा स्टेशन

संगमम का उद्देश्य उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक, भाषाई और सामाजिक संबंधों को मजबूत करना है। इसके माध्यम से दोनों क्षेत्रों की परंपराओं, खानपान और जीवनशैली को समझने तथा आपसी संवाद को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

अतिथि देवो भव की परंपरा दिखी

बनारस स्टेशन पर हुए स्वागत ने काशी की अतिथि देवो भव की परंपरा की झलक पेश की। तमिलनाडु से आए छात्रों ने काशी पहुंचने पर खुशी जताते हुए कहा कि यहां मिले अपनापन और स्वागत से उन्हें अपने घर जैसा एहसास हुआ।

इस मौके पर बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी, डीआरएम आशीष जैन, सीनियर डीसीएम प्रशस्ति श्रीवास्तव, स्टेशन अधीक्षक विवेक सिंह, स्टेशन उपाधीक्षक सर्वेश पांडेय, क्षेत्रीय मंत्री जगदीश त्रिपाठी सहित रेलवे के कई अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *