मोबाइल से वीडियो बनाने के बजाय मदद के लिए आगे आए राणा प्रताप विद्यालय के छात्र, शीशे तोड़कर केबिन में फंसे लोगों को निकाला बाहर
(रणभेरी): रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोहरा पावर हाउस के पास गुरुवार दोपहर दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद भीषण आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे की चपेट में एक बाइक सवार भी आ गया। इस बीच घटनास्थल पर मौजूद राणा प्रताप विद्यालय के पांच छात्रों ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रक के केबिन में फंसे दो घायलों की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर दो ट्रकों की टक्कर के बाद उनमें आग लग गई। दुर्घटना के बाद ट्रक के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उसमें सवार दो लोग अंदर ही फंस गए। केबिन की हालत ऐसी थी कि उनके बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा था। घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोग जहां मोबाइल से हादसे का वीडियो बनाने में जुटे थे, वहीं पांच छात्रों ने घायलों की मदद के लिए आगे आने का साहसिक फैसला किया।

राणा प्रताप विद्यालय के छात्र रोहित कुमार, साहिल सोनकर, आयुष कुमार, आदित्य सोनकर और नीरज कुमार ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू कर दिया। छात्रों ने ट्रक के शीशे तोड़े और काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में भी मदद की। समय रहते अस्पताल पहुंचने से दोनों को उपचार मिल सका और उनकी जान बच गई।

छात्रों के साहस की हो रही सराहना
हादसे की भयावहता के बीच पांचों छात्रों ने जिस साहस, तत्परता और सूझबूझ का परिचय दिया, उसकी क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। उनके इस मानवीय प्रयास से विद्यालय परिवार भी गौरवान्वित है। जहां हादसे के दौरान कई लोग केवल तमाशबीन बने रहे, वहीं इन छात्रों ने अपनी जान की परवाह किए बिना घायलों की मदद कर मानवता की मिसाल पेश की।
