पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड से पहुंचे खरीदार; स्टोर खुलते ही तालियों से हुआ ग्राहकों का स्वागत
(रणभेरी): एपल के नए iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की भारत में बिक्री शुक्रवार से शुरू हो गई। नोएडा के सेक्टर-18 स्थित DLF मॉल में बने उत्तर प्रदेश के इकलौते एपल रिटेल स्टोर के बाहर सुबह छह बजे से ही खरीदारों की भीड़ जुटने लगी। सात बजते-बजते स्टोर के बाहर लंबी कतार लग गई। पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड समेत आसपास के राज्यों से भी लोग नया आईफोन खरीदने के लिए नोएडा पहुंचे।
पहले दिन खरीदारों की भीड़ को देखते हुए स्टोर निर्धारित समय से पहले सुबह आठ बजे ही खोल दिया गया। स्टोर खुलते ही कर्मचारियों ने तालियां बजाकर ग्राहकों का स्वागत किया। इसके बाद लोगों को बारी-बारी से स्टोर के अंदर प्रवेश दिया गया। नया आईफोन खरीदकर बाहर निकले कई ग्राहक उत्साह में नाचते-गाते भी नजर आए।

पंजाब से आए एक युवक ने बताया कि उनके यहां नए फोन की बिक्री शुरू नहीं हुई थी। वह पहले दिल्ली गए थे, लेकिन वहां स्टोर के बाहर काफी भीड़ देखकर कैब से सीधे नोएडा पहुंच गए। युवक के मुताबिक, वह सुबह छह बजे ही स्टोर पहुंच गया था और लाइन में सबसे आगे था। उसने iPhone 18 Pro Max के दो फोन खरीदे।
प्री -बुकिंग के बाद भी करना पड़ा इंतजार
हरियाणा के रोहतक से आए अर्णव फोगाट ने बताया कि वह प्री-बुकिंग कराने के लिए करीब 15 मिनट से लाइन में खड़े थे। उन्हें उम्मीद थी कि प्री-बुकिंग के बाद फोन जल्दी मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि नए आईफोन को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।
आकाश ने बताया कि उन्होंने 12 सितंबर को ही फोन की प्री-बुकिंग करा दी थी। उन्हें फोन का वेपर चैंबर, बेहतर हीट मैनेजमेंट और कैमरे में दिया गया शटर बटन पसंद आया। वहीं, शिवम ने बताया कि वह करीब एक घंटे से इंतजार कर रहे हैं। पहले से प्री-बुकिंग कराने के बावजूद लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नई तकनीक को इस्तेमाल करने और एक्सप्लोर करने के लिए नया फोन खरीदा है।
1.64 लाख से शुरू कीमत
iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपये और iPhone 18 Pro Max की कीमत 1,79,900 रुपये से शुरू होती है। दोनों मॉडल अलग-अलग स्टोरेज वेरिएंट में उपलब्ध हैं। फोन को ब्लैक, सिल्वर, ग्लेशियर और बरगंडी रंगों में पेश किया गया है।
एपल ने 9 सितंबर को अपने पहले फोल्डेबल फोन के साथ iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max लॉन्च किए थे। कंपनी के मुताबिक, दोनों मॉडल में 48 मेगापिक्सल के तीन कैमरे दिए गए हैं। इनमें मेन, टेलीफोटो और अल्ट्रावाइड कैमरा शामिल हैं।
30 घंटे तक का बैटरी बैकअप
एपल के अनुसार, एक बार चार्ज करने पर iPhone 18 Pro करीब 24 घंटे और Pro Max करीब 30 घंटे तक चल सकता है। कंपनी ने इसे अब तक का सबसे ज्यादा बैटरी बैकअप बताया है। फोन करीब 15 मिनट में 50 फीसदी तक चार्ज होने का दावा भी किया गया है।
भारत में एपल के छह आधिकारिक रिटेल स्टोर हैं। इनमें मुंबई में दो, जबकि दिल्ली, नोएडा, बेंगलुरु और पुणे में एक-एक स्टोर शामिल है। इन सभी स्टोर पर नए आईफोन की बिक्री शुरू हुई। लखनऊ में भी नए आईफोन को लेकर स्टोर्स पर खरीदारों की भीड़ दिखाई दी। ग्राहकों की संख्या को देखते हुए कंपनी ने स्टोर्स को रात 10 बजे तक खुले रखने का फैसला किया है।
