काशी-तमिल संगमम् के रंग में रंगा बीएचयू, ‘रन फॉर केटीएस 5.0’ में दौड़े सैकड़ों युवा

काशी-तमिल संगमम् के रंग में रंगा बीएचयू, ‘रन फॉर केटीएस 5.0’ में दौड़े सैकड़ों युवा

कुलपति ने मालवीय भवन से दिखाई हरी झंडी, काशी और तमिलनाडु के सांस्कृतिक जुड़ाव का दिया संदेश

वाराणसी (रणभेरी): काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में शुक्रवार सुबह काशी-तमिल संगमम् 5.0 को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। आयोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने और काशी व तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक एकता का संदेश देने के उद्देश्य से ‘रन फॉर केटीएस 5.0’ का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

सुबह सात बजे मालवीय भवन से शुरू हुई दौड़ रविदास गेट तक पहुंची। दौड़ में शामिल युवाओं ने काशी और तमिलनाडु की साझा सांस्कृतिक विरासत, भाषायी विविधता और आध्यात्मिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने हरी झंडी दिखाकर किया।

काशी-तमिल संगमम् के रंग में रंगा बीएचयू, ‘रन फॉर केटीएस 5.0’ में दौड़े सैकड़ों युवा

इस मौके पर कुलपति ने युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि युवाओं का उत्साह देखकर उन्हें भी काफी प्रेरणा मिली है। बीएचयू अपने आप में एक राष्ट्र की तरह है, जहां देश के हर राज्य के विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते हैं। यहां अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं के लोग एक साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम् के माध्यम से प्राचीन सभ्यता, आध्यात्मिक परंपराओं और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, भाषायी और आध्यात्मिक संबंधों को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

थिरुक्कुरल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की पहल

काशी तमिल संगमम् का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस बार आयोजन की थीम ‘थिरुक्कुरल पयिलवोम-थिरुक्कुरल अभ्यास करें’ रखी गई है। तमिल साहित्य का प्राचीन और प्रसिद्ध ग्रंथ थिरुक्कुरल नैतिकता, जीवन मूल्यों और सदाचार की शिक्षा देता है।

संत कवि थिरुवल्लुवर द्वारा रचित इस ग्रंथ को अरम (सद्गुण), पोरुल (धन एवं समाज व्यवस्था) और इन्बम (प्रेम) तीन भागों में विभाजित किया गया है। आयोजन के माध्यम से थिरुक्कुरल में निहित जीवनोपयोगी विचारों को अनुवाद के जरिए तमिल भाषा से बाहर भी विद्यार्थियों और आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उत्तर और दक्षिण की साझा विरासत को जोड़ने का प्रयास

कार्यक्रम की निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी नोडल अधिकारी प्रो. अंचल श्रीवास्तव ने संभाली। उन्होंने कहा कि काशी-तमिल संगमम् उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। यह दोनों क्षेत्रों की साझा विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम कर रहा है। ‘रन फॉर केटीएस 5.0’ इसी उद्देश्य की एक कड़ी है, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *