3 दिसंबर से स्ट्रीम होगा ‘पंचायत’ का पांचवां सीजन, फिर लौटेगी फुलेरा गांव की कहानी

3 दिसंबर से स्ट्रीम होगा ‘पंचायत’ का पांचवां सीजन, फिर लौटेगी फुलेरा गांव की कहानी

भूषण और सचिवजी के बीच दिखेगी सियासी खींचतान; पांच सीजन पूरे करने वाली भारत की दूसरी वेब सीरीज बनेगी पंचायत

(रणभेरी): लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर है। प्राइम वीडियो ने बुधवार को सीरीज के पांचवें सीजन की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया। नया सीजन 3 दिसंबर से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगा। इसके साथ ही ‘पंचायत’ पांच सीजन पूरे करने वाली भारत की दूसरी वेब सीरीज बन जाएगी। इससे पहले TVF की ही सीरीज ‘गुल्लक’ यह उपलब्धि हासिल कर चुकी है। ‘गुल्लक’ का पहला सीजन 2019 में रिलीज हुआ था और इसके पांच सीजन सोनी लिव पर स्ट्रीम हो चुके हैं।

पांचवें सीजन में दर्शक एक बार फिर उत्तर प्रदेश के काल्पनिक गांव फुलेरा और सचिवजी यानी अभिषेक त्रिपाठी की दुनिया में लौटेंगे। इस बार कहानी में गांव की राजनीति, बदलते रिश्तों और आपसी खींचतान के साथ हास्य का तड़का देखने को मिलेगा। नए सीजन का मुख्य आकर्षण सचिवजी और गांव के नए प्रधान के बीच होने वाली राजनीतिक उठापटक होगी।

दरअसल, फुलेरा को नया प्रधान भूषण की पत्नी मंजू देवी के रूप में मिला है। ऐसे में अब भूषण की भूमिका अहम होने वाली है। वह नए प्रधानपति के रूप में किस तरह गांव की राजनीति को प्रभावित करेगा और सचिवजी के साथ उसका रिश्ता किस मोड़ पर पहुंचेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।

पुराने कलाकारों के साथ लौटेगी टीम

पंचायत’ के पांचवें सीजन का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है। इसमें जितेंद्र कुमार अभिषेक त्रिपाठी यानी सचिवजी के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। सीरीज का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसके क्रिएटर्स दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार रॉय और अरुणाभ कुमार हैं।

2020 में शुरू हुआ था सफर

‘पंचायत’ का पहला सीजन 3 अप्रैल 2020 को प्राइम वीडियो पर रिलीज हुआ था। इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अभिषेक त्रिपाठी की कहानी दर्शकों को पसंद आई। बेहतर नौकरी नहीं मिलने पर वह उत्तर प्रदेश के एक गांव में पंचायत सचिव की नौकरी करने पहुंचता है। शहर के माहौल में पले-बढ़े अभिषेक का गांव की व्यवस्था और लोगों के बीच खुद को ढालने का संघर्ष कहानी का आधार बना। पहले सीजन की सफलता के बाद 2022 में दूसरा, 2024 में तीसरा और जून 2025 में चौथा सीजन रिलीज हुआ। अब करीब डेढ़ साल बाद पांचवां सीजन दर्शकों के सामने होगा।

पांच वजहों से दर्शकों की पसंद बना शो

  1. गांव की कहानी से जुड़ाव: सीरीज में पंचायत चुनाव, जातिगत समीकरण, सरकारी योजनाओं, सड़क, पानी, बिजली और गांव की राजनीति जैसे मुद्दों को हल्के-फुल्के अंदाज में दिखाया गया है। ग्रामीण दर्शकों को इसमें अपनी जिंदगी की झलक मिलती है, जबकि शहरी दर्शकों को गांव की संस्कृति और व्यवस्था को समझने का मौका मिलता है।
  2. बिना अश्लीलता वाली कॉमेडी: शो की खासियत इसकी सहज कॉमेडी है। इसमें गाली-गलौज और डबल मीनिंग संवादों के बजाय रोजमर्रा की घटनाओं से हास्य पैदा किया गया है। ‘देख रहा है बिनोद’ और ‘गजब बेइज्जती है’ जैसे संवाद सोशल मीडिया पर खूब लोकप्रिय हुए और मीम्स का हिस्सा बने।
  3. मजबूत किरदार और शानदार अभिनय: जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, चंदन रॉय और फैसल मलिक ने अपने किरदारों को सहज अंदाज में निभाया है। प्रधानजी की राजनीतिक समझ, मंजू देवी की अपनी पहचान बनाने की कोशिश, विकास की मासूमियत और प्रह्लाद चा का भावनात्मक पक्ष दर्शकों को बांधे रखता है। दूसरे सीजन में प्रह्लाद चा के बेटे की शहादत का प्रसंग दर्शकों को भावुक कर गया था।
  4. व्यूअरशिप में बनाया रिकॉर्ड: ओरमैक्स मीडिया की जनवरी से जून 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘पंचायत सीजन 3’ को अनुमानित 2.82 करोड़ दर्शकों ने देखा था। इसके साथ यह 2024 की पहली छमाही में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली हिंदी वेब सीरीज बनी। इसने ‘हीरामंडी’ और ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ को भी पीछे छोड़ दिया था।
  5. अवॉर्ड और अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता: नवंबर 2023 में ‘पंचायत 2’ को 54वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में पहला बेस्ट वेब सीरीज (OTT) अवॉर्ड मिला था। वहीं, 23 जून 2025 को रिलीज हुए चौथे सीजन को पहले सप्ताह में 88 लाख व्यूज मिले। मेकर्स के मुताबिक, यह लॉन्च के दिन 42 से ज्यादा देशों में प्राइम वीडियो की टॉप-10 ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल हुआ था। इसे 180 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम किया गया था।
Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *