(रणभेरी): गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चक मुस्तफाबाद गांव में पारिवारिक जमीन विवाद के दौरान स्कॉर्पियो से लोगों को रौंदने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल 68 वर्षीय राजदेव यादव ने बुधवार रात वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले उनकी बहू इंदु देवी (40) और पोते अमित यादव (20) की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
परिजनों के मुताबिक, हादसे में गंभीर रूप से घायल राजदेव यादव को जिला अस्पताल से वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था। वहां बुधवार रात करीब 10 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन श्रवण यादव ने बताया कि राजदेव मृतक अमित यादव के दादा थे। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर चक मुस्तफाबाद गांव में घर के पास सड़क किनारे पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर पंचायत चल रही थी। इसी दौरान एक युवक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो लेकर पहुंचा और वहां बैठे लोगों को रौंद दिया। हादसे में इंदु यादव पत्नी मनोज यादव और अमित यादव पुत्र श्रवण यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे पलट गई। वहीं, चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गौराबादशाहपुर, केराकत, चंदवक और लाइन बाजार थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। गांव में तनाव और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कई थानों की पुलिस तैनात की गई।
उधर, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और चिकित्सकों को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
