लक्ष्मी कुंड देव दीपावली महोत्सव में जगमग होंगे 21 हजार दीप, 26वें वर्ष होगा भव्य आयोजन

लक्ष्मी कुंड देव दीपावली महोत्सव में जगमग होंगे 21 हजार दीप, 26वें वर्ष होगा भव्य आयोजन

वाराणसी (रणभेरी): प्राचीन लक्ष्मी कुंड देव दीपावली महोत्सव का 26वां आयोजन इस वर्ष 24 नवंबर, मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान लक्ष्मी कुंड स्थित सरोवर पर 21 हजार दीप प्रज्वलित कर भव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

महोत्सव के संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन समिति की उपाध्यक्ष बबली यादव एवं महामंत्री शिखा चटर्जी ने बताया कि यह आयोजन पिछले 26 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। इस वर्ष भी परंपरा के अनुरूप माता लक्ष्मी की जल विहार झांकी सजाई जाएगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगी।

उन्होंने बताया कि महोत्सव के तहत सुबह रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं शाम को भव्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। इसमें गायन-वादन के साथ कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को काशी गौरव रत्न, काशी भूषण रत्न एवं काशी कौस्तुभ रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

महोत्सव को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए दिव्यांगजनों को निःशुल्क ट्राईसाइकिल तथा जरूरतमंदों को गर्म वस्त्र वितरित किए जाएंगे। पत्रकार वार्ता में संगठन मंत्री गीता दूबे, झरना मुखर्जी, मंत्री रेखा श्रीवास्तव, आरती झा, महासचिव प्रतिभा तिवारी, संस्थापक अध्यक्ष मधुसूदन त्रिपाठी एवं विनय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *