नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दिए फील्ड में उतरकर निरीक्षण करने के निर्देश, घाटों और संपर्क मार्गों की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर
वाराणसी (रणभेरी): विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली पर्व को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को नगर निगम सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व की तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कहीं भी कमी मिलने पर संबंधित क्षेत्र के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नगर आयुक्त ने अधिकारियों को केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित न रहने की हिदायत देते हुए स्वयं फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा। उन्होंने शहर के सभी प्रमुख घाटों और उन्हें जोड़ने वाले संपर्क मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। कहा कि कहीं भी सीवर ओवरफ्लो, जलभराव, पाइपलाइन लीकेज और अतिक्रमण जैसी समस्याएं नहीं मिलनी चाहिए। घाटों पर साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पहले से तैनात नोडल अधिकारियों को सभी कमियां समय रहते दूर कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जल निगम को चेतावनी, रामकुंड की जर्जर दीवार की होगी मरम्मत
समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने जल निगम के अधिकारियों को विशेष रूप से चेतावनी देते हुए देव दीपावली के दौरान निर्बाध जलापूर्ति और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रामकुंड की जर्जर दीवार को संभावित दुर्घटना का कारण बताते हुए तत्काल उसकी मरम्मत कराने का आदेश दिया।
नगर आयुक्त ने कहा कि देव दीपावली काशी का विश्व प्रसिद्ध आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करें, ताकि पर्व के दौरान किसी भी श्रद्धालु और पर्यटक को असुविधा न हो।
