बनारस की ऐतिहासिक मंडी में विकास की ऐसी बहार, सड़क पर नाली और निगम फरार

बनारस की ऐतिहासिक मंडी में विकास की ऐसी बहार, सड़क पर नाली और निगम फरार

स्नेहा यादव

  • नई सड़क से सनातन धर्म स्कूल तक सड़क पर बह रहा नाली का गंदा पानी
  • दुर्गंध और फिसलन से राहगीर परेशान; दुकानदारों का कारोबार प्रभावित, नगर निगम की अनदेखी से बढ़ी नाराजगी

वाराणसी (रणभेरी): कभी बनारस की सबसे गुलजार व्यापारिक मंडियों में शुमार दालमंडी अपनी अलग पहचान रखती थी। यहां की तंग गलियों में सुबह से शाम तक खरीदारी करने वालों की भीड़ लगी रहती थी। कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी शायद ही कोई ऐसी चीज हो, जो यहां किफायती दामों पर उपलब्ध न हो। कम कीमत और सामानों की विविधता के चलते दूर-दराज से लोग यहां खरीदारी करने पहुंचते थे। लेकिन आज इसी दालमंडी की तस्वीर पूरी तरह बदलती नजर आ रही है। बाजार की पुरानी रौनक पर बदहाली का ग्रहण लग गया है। सड़कों पर बहता गंदा पानी और जगह-जगह फैली गंदगी इसकी मौजूदा स्थिति बयां कर रही है।

सड़क पर बह रहा नाली का गंदा पानी

नई सड़क से सनातन धर्म स्कूल तक सड़क पर नाली का गंदा पानी लगातार बह रहा है। कई स्थानों पर कीचड़ और गंदगी जमा होने से रास्ता बेहद खराब हो गया है। सड़क किनारे टूटे निर्माण का मलबा और बिखरे ईंट-पत्थर भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि राहगीरों को इसी गंदे पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। पानी से उठती तेज दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों का रहना और दुकानों पर बैठना तक मुश्किल हो रहा है।

बनारस की ऐतिहासिक मंडी में विकास की ऐसी बहार, सड़क पर नाली और निगम फरार

फिसल रहे दोपहिया वाहन, कारोबार पर असर

सड़क पर पानी और कीचड़ के चलते दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। स्कूटी और बाइक सवार फिसलने के खतरे के बीच रास्ता पार कर रहे हैं। वहीं दुकानों के सामने गंदा पानी बहने से ग्राहक भी बाजार में आने से कतराने लगे हैं। इससे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों के सामने एक तरफ ग्राहकों को दुकान तक पहुंचाने की चुनौती है तो दूसरी तरफ गंदगी और दुर्गंध के बीच बैठकर कारोबार करने की मजबूरी।

नगर निगम की चुप्पी पर उठ रहे सवाल

बनारस की महत्वपूर्ण व्यापारिक मंडियों में शामिल दालमंडी की इस बदहाली के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है। नाली का पानी सड़क पर बह रहा है, लोग परेशान हैं और दुकानदार लगातार मुश्किलें झेल रहे हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है। सवाल यह है कि आखिर दालमंडी की इस दुर्दशा पर जिम्मेदार अधिकारियों की नजर कब पड़ेगी? जिस बाजार की रौनक कभी बनारस की पहचान हुआ करती थी, उसे गंदगी और जलभराव से कब निजात मिलेगी?

बनारस की ऐतिहासिक मंडी में विकास की ऐसी बहार, सड़क पर नाली और निगम फरार

दालमंडी की पहचान पर भारी पड़ रही बदहाली

दालमंडी केवल खरीदारी का बाजार नहीं, बल्कि बनारस की पुरानी व्यापारिक पहचान का अहम हिस्सा है। यहां कम कीमत पर हर तरह का सामान मिलने के कारण शहर के साथ आसपास के इलाकों से भी लोग खरीदारी करने आते हैं। कभी दुकानों की रौनक और ग्राहकों की भीड़ से गुलजार रहने वाली गलियां आज गंदे पानी, कीचड़ और दुर्गंध से जूझ रही हैं। बाजार की यह तस्वीर न सिर्फ व्यापारियों की परेशानी बढ़ा रही है, बल्कि बनारस की पुरानी बाजार संस्कृति पर भी सवाल खड़े कर रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *