वाराणसी की हवा हुई जहरीली, 315 पहुंचा AQI; निर्माण की धूल से बढ़ी मुसीबत

वाराणसी की हवा हुई जहरीली, 315 पहुंचा AQI; निर्माण की धूल से बढ़ी मुसीबत

अगले एक सप्ताह तक बारिश के आसार नहीं, अस्थमा और सांस के मरीजों को सतर्क रहने की सलाह; लापरवाही पर निर्माण एजेंसियों पर लगेगा जुर्माना

वाराणसी (रणभेरी): मौसम शुष्क होने के बावजूद धर्मनगरी काशी की हवा लगातार प्रदूषित होती जा रही है। गुरुवार सुबह शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 315 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है। हवा में बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों की सेहत पर खतरा मंडराने लगा है। खासकर अस्थमा और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।

गुरुवार सुबह शहर का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा की रफ्तार पांच किलोमीटर प्रति घंटा और आर्द्रता 70 प्रतिशत रही। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। ऐसे में फिलहाल बारिश के जरिए प्रदूषण से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

पटाखों के साथ निर्माण कार्य भी बढ़ा रहे प्रदूषण

शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण के पीछे पटाखों के अलावा निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल भी बड़ी वजह बन रही है। जगह-जगह चल रहे निर्माण कार्य, सड़कों की खुदाई और अव्यवस्थित निर्माण गतिविधियों के कारण धूल के महीन कण हवा में घुल रहे हैं। इससे आम लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कार्यदायी संस्थाओं और निर्माण एजेंसियों की जवाबदेही तय की है। उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्माण कार्यों के दौरान प्रदूषण नियंत्रण के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

लापरवाही पर लगेगा जुर्माना

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी निर्माण स्थलों पर धूल के फैलाव को रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम करना अनिवार्य होगा। निर्माण कार्यों के दौरान प्रदूषण नियंत्रण के मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान किसी भी एजेंसी की लापरवाही सामने आने पर जुर्माने के साथ अन्य कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।

फेफड़ों तक पहुंच रहे धूल के महीन कण

पर्यावरणविदों के मुताबिक, निर्माण और खुदाई से निकलने वाली धूल में सिलिका समेत विभिन्न भू-रासायनिक खनिजों के बेहद महीन कण मौजूद होते हैं। ये कण सांस के जरिए शरीर में प्रवेश कर फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। इनके संपर्क में आने से अस्थमा, सांस लेने में परेशानी और आंखों व गले में जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्थिति अधिक नुकसानदायक हो सकती है। ऐसे में प्रदूषण से बचाव के लिए सावधानी बरतना जरूरी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *