छठ पर घर लौटने की ऐसी मजबूरी, शौचालय तक में बैठकर सफर कर रहे कामगार

छठ पर घर लौटने की ऐसी मजबूरी, शौचालय तक में बैठकर सफर कर रहे कामगार

ट्रेन 03294 पटना फेस्टिवल स्पेशल में उमड़ी यात्रियों की भारी भीड़, गेट और खिड़कियों पर भी कब्जा; रेलवे की तैयारियों पर उठे सवाल

वाराणसी (रणभेरी); आस्था के महापर्व डाला छठ पर अपनों के बीच पहुंचने की चाह प्रवासी कामगारों को किस कदर जोखिम भरा सफर करने पर मजबूर कर रही है, इसकी तस्वीर ट्रेनों में उमड़ रही भीड़ बयां कर रही है। बिहार और पूर्वांचल की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव इस कदर बढ़ गया है कि सामान्य कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं बच रही है। हालात ऐसे हैं कि सीट और कोच में जगह नहीं मिलने पर यात्री शौचालयों में बैठकर सफर करने को विवश हैं। खिड़कियों और दरवाजों के आसपास भी यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है।

इस बदहाल स्थिति की बानगी ट्रेन संख्या 03294 पटना फेस्टिवल स्पेशल के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचने पर देखने को मिली। ट्रेन के सामान्य कोचों में यात्रियों की भारी भीड़ थी। यहां तक कि शौचालयों में भी लोग ठसाठस भरे नजर आए। किसी तरह छठ पर घर पहुंचने की मजबूरी में यात्री शौचालय के भीतर बैठकर सफर कर रहे थे। वहीं, कोच के गेट और खिड़कियों के आसपास भी यात्रियों का जमावड़ा लगा रहा। इस दौरान यात्रियों की जान जोखिम में डालकर की जा रही यात्रा ने रेलवे की तैयारियों की हकीकत सामने ला दी।

दरअसल, छठ महापर्व नजदीक आते ही महानगरों से बिहार और पूर्वांचल लौटने वाले कामगारों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। दिल्ली, मुंबई, सूरत, पंजाब समेत देश के विभिन्न शहरों में रोजी-रोटी कमाने वाले लोग परिवार के साथ पर्व मनाने के लिए घर लौट रहे हैं। नियमित ट्रेनों में पहले से ही लंबी प्रतीक्षा सूची और भारी भीड़ है। विशेष ट्रेनों में भी यात्रियों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पर्व की शुरुआत से पहले ही ट्रेनों में ऐसे हालात हैं तो छठ के नजदीक आने पर स्थिति कितनी विकट होगी। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ रेलवे के लिए हर साल चुनौती बनती है। दीपावली और छठ पर बिहार जाने वाली ट्रेनों में भारी दबाव रहता है, इसके बावजूद हर बार व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े होते हैं।

शौचालयों तक में यात्रियों को बैठकर सफर करना पड़ना केवल भीड़ की समस्या नहीं, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक रेल यात्रा के इंतजामों पर भी गंभीर सवाल है। जरूरत है कि रेलवे अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन करे, नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए और प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करे। आखिर त्योहार पर घर लौट रहे कामगारों को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाना रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *