काशी में अन्नकूट की धूम, 1000 क्विंटल पकवानों से सजे मंदिर; मां अन्नपूर्णा को लगा 511 क्विंटल का महाभोग

काशी में अन्नकूट की धूम, 1000 क्विंटल पकवानों से सजे मंदिर; मां अन्नपूर्णा को लगा 511 क्विंटल का महाभोग

कहीं लड्डुओं से बनी मंदिर की आकृति तो कहीं मिठाइयों की विशाल दीवार बनी आकर्षण का केंद्र, 56 प्रकार के पकवानों से सजे देवालय

वाराणसी (रणभेरी): धर्म और आस्था की नगरी काशी में दीपावली के अगले दिन अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिरों में भक्ति, मिठास और पकवानों का अद्भुत संगम देखने को मिला। कहीं हजारों किलो लड्डुओं से मंदिर की आकृति तैयार की गई तो कहीं मिठाइयों की विशाल दीवार सजाई गई। रोटी-सब्जी, पूड़ी-कचौड़ी से लेकर 56 प्रकार के पकवानों का भोग देवी-देवताओं को अर्पित किया गया। काशी के विभिन्न मंदिरों में करीब 1000 क्विंटल मिठाइयों और पकवानों से अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ।

काशी में अन्नकूट की धूम, 1000 क्विंटल पकवानों से सजे मंदिर; मां अन्नपूर्णा को लगा 511 क्विंटल का महाभोग

अन्नकूट महोत्सव का मुख्य आकर्षण मां अन्नपूर्णा का दरबार रहा। यहां माता को 511 क्विंटल यानी 51 हजार 100 किलो व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया गया। मंदिर परिसर में लड्डुओं से तैयार विशाल दीवार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस दीवार को सजाने में अकेले 21 क्विंटल लड्डुओं का इस्तेमाल किया गया, जबकि मंदिर की अन्य सजावट में करीब पांच क्विंटल लड्डू लगाए गए। माता के दरबार में सजे पकवानों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

प्रमुख मंदिरों में लगा पकवानों का महाभोग

अन्नकूट पर्व पर काशी के प्रमुख मंदिरों में अलग-अलग मात्रा में पकवानों का भोग लगाया गया। दुर्गा मंदिर में 100 क्विंटल, काशी विश्वनाथ मंदिर में 21 क्विंटल, राम मंदिर और गोपाल मंदिर में 51-51 क्विंटल तथा कालभैरव, बटुक भैरव और श्रीकृष्ण मंदिर में 21-21 क्विंटल पकवान अर्पित किए गए।

श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में करीब आठ क्विंटल लड्डुओं से मंदिर की आकर्षक आकृति बनाई गई। लड्डुओं से बने इस मंदिर में देव विग्रहों को विराजमान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने बाबा से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

काशी में अन्नकूट की धूम, 1000 क्विंटल पकवानों से सजे मंदिर; मां अन्नपूर्णा को लगा 511 क्विंटल का महाभोग

मणिमंदिर में पांच हजार घरों से पहुंचा भोग

धर्मसंघ स्थित मणिमंदिर में भी अन्नकूट महोत्सव की भव्यता देखने को मिली। यहां पांच हजार घरों से तैयार होकर आए भोग को भगवान के चरणों में अर्पित किया गया। मंदिर में 101 क्विंटल का छप्पन भोग सजाया गया। इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें बड़ी संख्या में परिवारों ने अपने घरों से प्रसाद तैयार कर सहभागिता की। घर-घर से आई प्रसाद सामग्री ने महोत्सव को सामूहिक आस्था और समर्पण का स्वरूप प्रदान किया।

56 प्रकार के पकवानों से सजा देवालय

अन्नकूट महोत्सव में भगवान को छप्पन भोग अर्पित करने की परंपरा सदियों पुरानी है। इसमें विभिन्न प्रकार की मिठाइयों, नमकीन व्यंजनों, सब्जियों, पूड़ी, कचौड़ी और अन्य पकवानों को शामिल किया जाता है। काशी में इस परंपरा का विशेष स्वरूप देखने को मिलता है। यहां मंदिरों के गर्भगृह से लेकर शिखर तक मोदक और लड्डुओं से सजावट की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि अन्नकूट के दिन भगवान को छप्पन भोग अर्पित करने से वे प्रसन्न होते हैं और भक्तों को पूरे वर्ष सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं।

महादेव ने मां अन्नपूर्णा से मांगी थी भिक्षा

काशी में अन्नकूट महोत्सव का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व भी विशेष है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान शिव ने जब काशी में माता अन्नपूर्णा से भिक्षा मांगी थी, तब माता ने उन्हें अन्न प्रदान कर समस्त काशीवासियों का पेट भरने का वरदान दिया था। मान्यता है कि मां अन्नपूर्णा ने महादेव को आश्वस्त किया था कि उनकी नगरी काशी में कोई भूखा नहीं सोएगा।

काशी में अन्नकूट की धूम, 1000 क्विंटल पकवानों से सजे मंदिर; मां अन्नपूर्णा को लगा 511 क्विंटल का महाभोग

इसी धार्मिक विश्वास के चलते अन्नपूर्णा मंदिर में हर वर्ष अन्न और पकवानों का विशाल भोग लगाया जाता है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि मां अन्नपूर्णा की कृपा से काशी में कभी अन्न और धन-धान्य की कमी नहीं होती। अन्नकूट महोत्सव इसी आस्था, सेवा और अन्न के प्रति सम्मान का प्रतीक बनकर काशी की धार्मिक परंपरा को जीवंत करता है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *