अल्लोपुर गांव में ग्रिल काटकर मंदिर में घुसे चोर, राम-जानकी और लक्ष्मण के करीब 200 ग्राम चांदी के मुकुट ले उड़े; ग्रामीणों में आक्रोश
वाराणसी (रणभेरी): चोलापुर थाना क्षेत्र के अल्लोपुर गांव में बेखौफ चोरों ने आस्था के केंद्र रामजानकी मंदिर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर की लोहे की ग्रिल काटकर अंदर दाखिल हुए और भगवान श्रीराम, माता जानकी तथा लक्ष्मण जी के चांदी के मुकुट समेत दानपात्र में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गए। शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। मंदिर में चोरी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर मंदिर में लगे लोहे के ग्रिल को काटकर अंदर घुसे। इसके बाद भगवान श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण जी के चांदी के तीन मुकुट चोरी कर लिए। तीनों मुकुटों का कुल वजन करीब 200 ग्राम बताया जा रहा है। इसके अलावा चोरों ने दानपात्र तोड़कर उसमें रखे लगभग एक हजार रुपये नकद भी पार कर दिए।
शनिवार सुबह जब ग्रामीण नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो कटी हुई ग्रिल और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पुलिस की रात्रि गश्त पर उठे सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी और आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल ही में पास के इलाके में खड़े एक टेम्पो के पहिए भी चोर खोल ले गए थे। इसके बावजूद पुलिस की ओर से रात्रि गश्त प्रभावी नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब मंदिर भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं।
जांच में जुटी पुलिस, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही चोलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसपास के रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी और चांदी के मुकुटों की बरामदगी की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
