वाराणसी (रणभेरी): धनतेरस के पर्व को लेकर धर्मनगरी काशी के सराफा बाजार में रौनक छाई हुई है। त्योहार के मद्देनजर सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में ग्राहक बाजार पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि पारंपरिक जेवरों के साथ ही विक्टोरिया के पुराने सिक्कों की भी खूब मांग देखने को मिल रही है। सुबह से ही सराफा दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जुट रही है।

दुकानदारों के अनुसार, इस वर्ष बाजार में पिछले साल के मुकाबले बेहतर कारोबार देखने को मिल रहा है। दीपावली को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह है। लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी कर रहे हैं। वहीं, पुराने विक्टोरिया सिक्के भी ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

उधर, दीपावली के उल्लास में काशी के प्रमुख बाजार भी रोशनी से जगमगा उठे हैं। दुकानों और प्रतिष्ठानों को रंग-बिरंगी झालरों, आकर्षक लाइटों और सजावटी सामानों से सजाया गया है। शाम होते ही बाजारों की खूबसूरती देखते ही बन रही है। रोशनी से नहाई काशी में त्योहार की रौनक साफ नजर आ रही है। कुल मिलाकर दीपावली के अवसर पर सराफा मंडी में बढ़ती चहल-पहल और बाजारों की जगमगाहट ने काशी के उत्सवी माहौल को और भी खास बना दिया है।
