शॉपिंग के बहाने छात्रा को कमरे पर ले गया, दुष्कर्म का आरोप, गिरफ्तार
वाराणसी (रणभेरी): दीपावली की खरीदारी कराने के बहाने 20 वर्षीय छात्रा को कमरे पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप एक शिक्षक पर लगा है। घटना के दौरान छात्रा को गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली छात्रा आर्य महिला डिग्री कॉलेज में स्नातक तृतीय वर्ष की पढ़ाई करती है। आरोपी अभिषेक कुमार तिवारी (40) इसी कॉलेज में शिक्षक है और चेतगंज क्षेत्र में किराये के मकान में रहता है। आरोप है कि गुरुवार को वह छात्रा को खरीदारी के बहाने बाजार ले गया। खरीदारी और भोजन के बाद उसे अपने कमरे पर ले गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
इस दौरान छात्रा की हालत बिगड़ गई। आरोपी उसे लेकर निजीअस्पताल पहुंचा और उसकी मां को दुर्घटना में चोट लगने की बात बताई। हालांकि, चिकित्सकों ने स्थिति देखकर परिजनों को कथित यौन हिंसा की जानकारी दी। इसके बाद अस्पताल में हंगामा हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।
चेतगंज पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गंभीर हालत में छात्रा को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
