त्योहारों से पहले यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने सड़क पर उतरे पुलिस कमिश्नर, सात प्रमुख स्थलों का किया निरीक्षण

त्योहारों से पहले यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने सड़क पर उतरे पुलिस कमिश्नर, सात प्रमुख स्थलों का किया निरीक्षण

अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग पर रोक लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश

वाराणसी (रणभेरी): शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मंगलवार शाम पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लहरतारा, मंडुवाडीह, बनारस रेलवे स्टेशन, भिखारीपुर तिराहा, बीएलडब्ल्यू, नरिया और लंका चौराहे की यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भीड़ का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस आपसी समन्वय बनाकर यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करें। जाम की आशंका वाले और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि यातायात बाधित न हो और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने सड़कों और फुटपाथों पर दुकानों, ठेलों, खोमचों तथा अन्य माध्यमों से किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटवाने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। दुकानदारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी निर्देशित किया जाए कि वे अपने ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थलों पर ही कराएं।

सड़क और फुटपाथ पर पार्किंग करने पर होगी कार्रवाई

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि दुकानों के सामने सड़क अथवा फुटपाथ पर वाहनों को खड़ा कराकर यातायात बाधित न किया जाए। शहर में लागू कलर-कोडेड पार्किंग व्यवस्था का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों को खड़ा कराया जाए और अनधिकृत पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *