बिजली का खंभा हटाते समय करंट की चपेट में आए तीन युवक, 14 वर्षीय किशोर की मौत

बिजली का खंभा हटाते समय करंट की चपेट में आए तीन युवक, 14 वर्षीय किशोर की मौत

वाराणसी (रणभेरी): लंका थाना क्षेत्र के नरिया स्थित इमाम चौक पर रविवार रात बिजली का खंभा हटाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे दो युवक झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा स्थित फारूकी नगर निवासी शमशाद (14) पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद शहीद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 10:30 बजे शमशाद नरिया के इमाम चौक पर काम करने गया था। इसी दौरान बिजली का खंभा हटाते समय वह करंट की चपेट में आ गया।

शमशाद को करंट की चपेट में देख उसे बचाने पहुंचे इब्राहिम उर्फ राहुल और बबलू भी बिजली के झटके से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने शमशाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों की हालत सामान्य बताई गई है।

परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूटा हुआ था। शमशाद के पिता और बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह अपनी मां और बहन के साथ रहता था। हादसे में इकलौते सहारे के चले जाने से परिवार में कोहराम मचा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *