(रणभेरी): मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रसड़ी ग्राम सभा के गोविंदपुर टगुनियां गांव में सोमवार की देर शाम खाना बनाते समय गैस सिलिंडर से हुए लीकेज के कारण भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर दो रिहायशी मड़ई जलकर राख हो गईं, जबकि आग बुझाने के प्रयास में दो युवक झुलस गए। दोनों घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी कमलेश शर्मा (42) की 21 वर्षीय पुत्री रोशनी शाम के समय मड़ई में भोजन बना रही थी। इसी दौरान गैस सिलिंडर से अचानक रिसाव होने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि मड़ई पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आग बुझाने में जुटे गांव निवासी उमा (35) तथा कमलेश शर्मा झुलस गए। पीड़ित कमलेश शर्मा ने बताया कि आग की चपेट में दूसरी मड़ई में बंधी तीन गायों के साथ-साथ घर का पूरा गृहस्थी का सामान भी जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलने पर तहसीलदार डॉ. धर्मेंद्र पांडेय राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षति का निरीक्षण कर नुकसान का आंकलन करते हुए रिपोर्ट तैयार कराई।
