वाराणसी (रणभेरी): रोहनिया थाना क्षेत्र के गंगापुर स्थित बलवंत नगर में सोमवार शाम पिता की पेंशन और जमीन की बिक्री के पैसों के हिसाब को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया। आरोप है कि छोटे भाई ने अपने बड़े भाई समेत परिवार के चार लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में चार लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बलवंत नगर निवासी बेलास यादव चपरासी के पद पर कार्यरत थे। उन्हें विभाग से पेंशन मिलती है। उनके पुत्र नंदा यादव और सुभाष यादव के बीच पिता की पेंशन की रकम को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। करीब एक वर्ष पहले बेची गई जमीन के पैसों के हिसाब को लेकर भी दोनों भाइयों के बीच तनातनी थी।
हनुमान मंदिर के पास शुरू हुआ विवाद
सोमवार शाम नंदा यादव अपने पिता बेलास यादव के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित हनुमान मंदिर के पास बैठे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उनका छोटा भाई सुभाष यादव वहां पहुंचा और पिता से पैसों के हिसाब को लेकर विवाद करने लगा। पिता ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात बढ़ गई। इसके बाद सुभाष अपने बड़े भाई नंदा यादव से भिड़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

बीच-बचाव करने पहुंचे भतीजे भी घायल
मारपीट की जानकारी मिलने पर नंदा के भतीजे सावन यादव और दीपक यादव अपने पिता विभूति नारायण यादव के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान सुभाष ने नंदा यादव पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सावन और दीपक पर भी चाकू से वार किए गए। इस दौरान विभूति नारायण यादव को भी चोटें आईं।
घटना में नंदा यादव (55), विभूति नारायण यादव (60), सावन यादव (30) और दीपक यादव (28) घायल हो गए। इनमें नंदा, सावन और दीपक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि विभूति नारायण यादव को हल्की चोटें आई हैं।
आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने पर रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भिजवाया। पुलिस ने आरोपी सुभाष यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस संबंध में रोहनिया थाना प्रभारी ने बताया कि दो भाइयों के बीच विवाद के दौरान यह घटना हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
