65 मेधावियों को मिलेंगे 125 मेडल और पुरस्कार, पहली बार मंच पर मौजूद रहेंगे बीएचयू के कुलपति
वाराणसी (रणभेरी): आईआईटी बीएचयू के 15वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। 31 अक्टूबर को स्वतंत्रता भवन सभागार में आयोजित होने वाले समारोह में दो हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। संस्थान में मेधावियों की सूची को अंतिम रूप देने के साथ ही आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को पूरा किया जा रहा है। इस दौरान स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी।
इस वर्ष संस्थान के इंजीनियरिंग के 11 विभागों, चार स्कूलों, विज्ञान के तीन विभागों और ह्यूमैनिटीज के एक विभाग के विद्यार्थी दीक्षांत समारोह में उपाधियां प्राप्त करेंगे। पीएचडी पूरी करने वाले विद्यार्थियों की संख्या अभी तय नहीं हुई है। इसके लिए सभी विभागों से जानकारी जुटाई जा रही है।
65 मेधावियों को मिलेंगे 125 मेडल और पुरस्कार
दीक्षांत समारोह में करीब 65 मेधावी छात्र-छात्राओं को 125 मेडल और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें संस्थान के प्रतिष्ठित शैक्षणिक सम्मान भी शामिल हैं। पुरस्कार पाने वाले विद्यार्थियों की अंतिम सूची तैयार करने का काम अंतिम चरण में है। सूची जारी होने के बाद सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों के नाम स्पष्ट होंगे।
समारोह में सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में राष्ट्रपति मेडल शामिल है। यह संस्थान में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को दिया जाता है। इसके अलावा स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। पूरे पाठ्यक्रम के दौरान सर्वांगीण प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को डायरेक्टर्स मेडल प्रदान किए जाएंगे।
स्नातक और आईडीडी में 1500 से अधिक मेडल
इस वर्ष स्नातक और इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री (आईडीडी) पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को 1500 से अधिक मेडल दिए जाने की जानकारी है। वहीं, स्नातकोत्तर स्तर पर एमटेक, एमफार्मा और एमएससी के विद्यार्थियों को करीब 350 मेडल प्रदान किए जाएंगे। इन सम्मानों के जरिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों को पहचान दी जाएगी।
पहली बार दीक्षांत के मंच पर होंगे बीएचयू के कुलपति
इस बार समारोह में बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी की मौजूदगी भी खास होगी। वह पहली बार आईआईटी बीएचयू के दीक्षांत समारोह के मंच पर नजर आएंगे। बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के उपाध्यक्ष के रूप में वह मंचासीन होंगे। समारोह की अध्यक्षता बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन और वरिष्ठ वैज्ञानिक कोटा हरिनारायण करेंगे।
पीएचडी की सूची मंगलवार तक मांगी
पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की अंतिम संख्या तय करने के लिए दीक्षांत समिति ने सभी विभागों को मंगलवार तक सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। विभागों से जानकारी मिलने के बाद उपाधि पाने वाले शोधार्थियों की अंतिम संख्या निर्धारित की जाएगी।
समारोह के सफल आयोजन के लिए संस्थान ने 12 समितियों का गठन किया है। ये समितियां स्वतंत्रता भवन सभागार में व्यवस्थाओं, मेडल और प्रमाणपत्रों की तैयारी, अतिथियों के स्वागत समेत अन्य जरूरी कार्यों को पूरा करने में जुटी हैं। संस्थान का लक्ष्य 31 अक्टूबर से पहले सभी तैयारियां पूरी कर समारोह को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।
