बाल खींचकर एक-दूसरे पर किया हमला, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
वाराणसी (रणभेरी): नमो घाट के पास राजघाट स्थित भैंसासुर घाट पर रविवार दोपहर एयरशो के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बैठने को लेकर दो महिलाएं आपस में भिड़ गईं। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों ने एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचे और हमला करने लगीं। इस दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार को भैंसासुर घाट पर एयरशो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। इसी दौरान बैठने की जगह को लेकर एक महिला और युवती के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। दोनों एक-दूसरे के बाल खींचकर मारपीट करने लगीं। एयरशो देखने पहुंचे लोगों के बीच इस घटना को लेकर हलचल मच गई।
लोगों ने कराया बीच-बचाव
वायरल वीडियो में कुछ सेकेंड के घटनाक्रम के दौरान दोनों महिलाओं को आपस में उलझते और एक-दूसरे के बाल खींचते देखा जा सकता है। मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराने और समझाने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद यह चर्चा का विषय बन गया।
