वाराणसी में अरविंद मिल्स के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शुभारंभ, पूर्वांचल में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

वाराणसी में अरविंद मिल्स के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शुभारंभ, पूर्वांचल में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया लोकार्पण, 300 से अधिक महिलाओं को मिला काम और प्रशिक्षण का अवसर

वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित खोचवां में अहमदाबाद की कपड़ा निर्माता कंपनी अरविंद लिमिटेड के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शुभारंभ किया। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से सात से आठ एकड़ क्षेत्र में स्थापित इस प्लांट से पूर्वांचल में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि प्लांट में स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। अब तक 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

वाराणसी में अरविंद मिल्स के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शुभारंभ, पूर्वांचल में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

प्रधानमंत्री ने प्लांट के शुभारंभ के बाद वहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से उनके कार्य, अनुभव और काम के दौरान आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान महिलाओं ने अपने हुनर और कार्यक्षेत्र से जुड़े अनुभव साझा किए। प्रधानमंत्री ने कंपनी के अधिकारियों से भी उत्पादन प्रक्रिया और यहां तैयार किए जाने वाले वस्त्रों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

स्पोर्ट्सवियर और इनरवियर का होगा उत्पादन

पूर्वांचल में अरविंद लिमिटेड का यह पहला बड़ा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है। यहां स्पोर्ट्सवियर, इनरवियर समेत विभिन्न प्रकार के परिधानों का निर्माण किया जाएगा। कंपनी के प्रमुख ब्रांडों से जुड़े उत्पादों का निर्माण भी इस इकाई में प्रस्तावित है। प्लांट का निर्माण दो चरणों में किया जाना है। इसके पूरी क्षमता से विकसित होने पर क्षेत्र में हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

इस औद्योगिक इकाई की स्थापना को पूर्वांचल में कपड़ा एवं परिधान निर्माण क्षेत्र के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध होने के साथ ही क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को औद्योगिक कार्यों का प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

वाराणसी में अरविंद मिल्स के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शुभारंभ, पूर्वांचल में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

कपड़ा निर्माण से तैयार परिधानों तक फैला है कारोबार

अरविंद लिमिटेड देश की प्रमुख कपड़ा निर्माता कंपनियों में शामिल है। वर्ष 1931 में स्थापित इस कंपनी का मुख्यालय गुजरात के अहमदाबाद में है। कंपनी डेनिम, सूती और लिनेन के कपड़ों के साथ विभिन्न प्रकार के फैब्रिक, तैयार परिधान तथा औद्योगिक उपयोग के विशेष वस्त्रों का निर्माण करती है। कंपनी का कारोबार घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक फैला हुआ है।

प्लांट के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री ने कंपनी परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने वहां तैयार किए जा रहे कपड़ों, खादी के वस्त्रों और उनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के बारे में जानकारी ली। महिलाओं के हुनर और उनकी पहचान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही कामगार महिलाओं से बातचीत भी की।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। खोचवां पहुंचने पर हेलीपैड पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

अरविंद लिमिटेड के इस प्लांट से वाराणसी सहित आसपास के जिलों में रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के साथ महिला सशक्तीकरण को भी नई दिशा मिल सकती है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *