‘बॉर्डर 2’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में भावुक पल, धर्मेंद्र के निधन के बाद पहली बार साथ दिखे सनी-ईशा-अहाना

‘बॉर्डर 2’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में भावुक पल, धर्मेंद्र के निधन के बाद पहली बार साथ दिखे सनी-ईशा-अहाना

(रणभेरी): सुपरहिट अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की विशेष स्क्रीनिंग रविवार शाम मुंबई में आयोजित की गई। इस मौके पर सनी देओल के साथ उनकी बहनें ईशा देओल और अहाना देओल भी मौजूद रहीं। पिता धर्मेंद्र के निधन के बाद यह पहला अवसर था जब देओल परिवार के ये तीनों सदस्य किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में एक साथ नजर आए, जिससे यह शाम भावनात्मक रूप से भी खास बन गई।

इसी दिन मुंबई के ऐतिहासिक गेयटी-गैलेक्सी थिएटर में दर्शकों को एक और सरप्राइज मिला, जब सनी देओल फिल्म के सह-कलाकार अहान शेट्टी के साथ अचानक थिएटर पहुंचे। ‘बॉर्डर 2’ की स्क्रीनिंग के दौरान जैसे ही दोनों सितारे थिएटर परिसर से बाहर आए, वहां मौजूद फैंस का उत्साह देखते ही बनता था। भारी भीड़ ने तालियों और नारों के साथ अपने पसंदीदा सितारों का स्वागत किया।

‘बॉर्डर 2’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में भावुक पल, धर्मेंद्र के निधन के बाद पहली बार साथ दिखे सनी-ईशा-अहाना

थिएटर के अंदर का माहौल भी किसी जश्न से कम नहीं था। सामने आए वीडियो में साफ दिखा कि हॉल पूरी तरह भरा हुआ था। सनी देओल की एंट्री पर दर्शक अपनी सीटों से खड़े हो गए और तालियों व सीटियों से माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

अगर फिल्म के व्यावसायिक प्रदर्शन की बात करें तो ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार रफ्तार से आगे बढ़ रही है। 23 जनवरी 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म ने रिलीज के महज तीन दिनों में ही 121 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन कर लिया है।

गौरतलब है कि ‘बॉर्डर 2’ वर्ष 1997 में आई जे.पी. दत्ता की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। निर्देशन की कमान अनुराग सिंह ने संभाली है, जबकि फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जे.पी. दत्ता और निधि दत्ता ने संयुक्त रूप से किया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *