लखनऊ: 20 वर्षीय युवक ने जहर खाकर दी जान, सुसाइड से पहले लिखा 4 पन्नों का नोट

लखनऊ: 20 वर्षीय युवक ने जहर खाकर दी जान, सुसाइड से पहले लिखा 4 पन्नों का नोट

(रणभेरी): लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 20 वर्षीय युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने चार पन्नों का सुसाइड नोट लिखा और अपने दोस्तों को फोन कर बताया कि उसने जहर खा लिया है। परिजन और दोस्त जब तक उसे तलाश कर अस्पताल पहुंचाते, तब तक इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना रहमतगंज इलाके की है। मृतक की पहचान हिमांशु शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मां की डांट के बाद घर से निकला, छत से कूदकर भागा

परिजनों के अनुसार, हिमांशु शनिवार रात शराब के नशे में घर लौटा था। इस पर मां रश्मि पाल ने उसे फटकार लगाई। मां की डांट से नाराज होकर हिमांशु घर छोड़ने की बात कहने लगा। जब मां ने दरवाजा बंद कर दिया, तो वह छत पर चढ़ा और वहां से कूदकर बाहर निकल गया।

लखनऊ: 20 वर्षीय युवक ने जहर खाकर दी जान, सुसाइड से पहले लिखा 4 पन्नों का नोट

दोस्तों को किया फोन, बेहोशी की हालत में मिला

घर से निकलने के कुछ समय बाद हिमांशु ने अपने दोस्तों को फोन कर बताया कि उसने जहर खा लिया है। यह सुनते ही दोस्त और परिजन घबरा गए और उसकी तलाश शुरू की। फैजुल्लागंज इलाके में वह बेहोशी की हालत में मिला। परिजनों की मदद से उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

डिलीवरी बॉय था हिमांशु, परिवार में पसरा मातम

हिमांशु एक डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था। उसके पिता अजय पाल निजी बस चलाते हैं और करीब 10 दिन बाद घर लौटे थे। परिवार में मां रश्मि पाल और छोटी बहन तनु है। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

सुसाइड नोट में खुद को ठहराया जिम्मेदार

आत्महत्या से पहले लिखे गए चार पन्नों के सुसाइड नोट में हिमांशु ने अपने कदम के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है। उसने लिखा कि उसकी मौत के लिए न तो उसके दोस्त जिम्मेदार हैं और न ही परिवार के लोग। नोट में उसने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा कि वह इस दुनिया में जीने के लायक नहीं है। हिमांशु ने अपनी मां, पिता और बहन का ख्याल रखने की अपील दोस्तों से की है। साथ ही एलआईसी की किस्त और कुछ निजी बातों का भी जिक्र किया है। सुसाइड नोट के अंत में उसने अपने दोस्तों और परिचितों के प्रति प्यार जताया है।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट बरामद कर लिया गया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी तरह की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *