वाराणसी (रणभेरी): 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को नमो घाट पर लोकतंत्र के उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिला अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चों द्वारा तैयार की गई रंगोली का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। मतदान जागरूकता को केंद्र में रखते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। आर्य महिला इंटर कॉलेज की छात्राओं ने लोकगीत के माध्यम से मताधिकार के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जबकि कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने “गोइया चलो छाईया-2, चुनाव करू” विषय पर आधारित प्रस्तुति देकर लोकतांत्रिक चेतना का संदेश दिया।

इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “My India My Vote (Citizen at the Heart of Indian Democracy)” रही, जो कार्यक्रम की हर गतिविधि में स्पष्ट रूप से झलकती रही। आयोजन में युवाओं और महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। छात्राओं ने हाथों में मेहंदी के माध्यम से मतदान संदेश उकेरा, वहीं स्कूल व कॉलेज स्तर पर ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से स्लोगन लेखन, निबंध प्रतियोगिता, गीत, स्किट्स और जागरूकता गेम्स जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर नीलू मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस लोकतंत्र को मजबूत करने का पर्व है, जिसे सभी को उत्साह और जिम्मेदारी के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और मतदान के अधिकार के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को निष्पक्ष, निर्भीक और जागरूक मतदान की शपथ दिलाई और लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
