वाराणसी (रणभेरी): बड़ी बाजार स्थित श्री शीतला माता एवं सती माता मंदिर में निर्माण और जीर्णोद्धार कार्य रोके जाने का मामला सामने आया है। मंदिर पक्ष ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए सदर एसडीएम से आदेश पर दोबारा विचार करने और रोक हटाकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
मंदिर पक्ष के अनुसार, राजस्व अभिलेखों और उपलब्ध नक्शे में भाग संख्या 20/1 पर निर्माण कार्य किए जाने का उल्लेख है। वहीं, भाग संख्या 20/2 से जुड़ा विवाद न्यायालय में विचाराधीन बताया जा रहा है। ऐसे में मंदिर पक्ष ने दोनों हिस्सों की स्थिति को स्पष्ट करते हुए मामले की निष्पक्ष समीक्षा किए जाने की मांग उठाई है।

इस प्रकरण में संबंधित लेखपाल की रिपोर्ट पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। साथ ही इम्तियाज अहमद की भूमिका की जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। मंदिर पक्ष का कहना है कि पूरे मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए, ताकि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो।
मंदिर से जुड़े लोगों के मुताबिक, यह स्थल लंबे समय से धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां नवरात्रि के दौरान पूजा-अर्चना के साथ भंडारे और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होता रहा है। मंदिर पक्ष ने प्रशासन से मामले का उचित समाधान निकालने और धार्मिक स्थल पर निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य दोबारा शुरू कराने की अपील की है।
