लोहरापुर रिंग रोड फेज-दो पर हुआ हादसा, बाइक सवार ने मौके पर तोड़ा दम; परिवार में मचा कोहराम
वाराणसी (रणभेरी): लोहता थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय बाइक सवार की जान चली गई। लोहरापुर के पास वरुणा नदी पर बने रिंग रोड फेज-दो के पुल पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने युवक की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुआ के घर जाते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान मिर्जापुर जिले के दीपनगर निवासी अरुण कुमार पटेल (25), पुत्र स्वर्गीय राजकुमार पटेल के रूप में हुई है। बताया गया कि अरुण शनिवार को अपने रिश्तेदारों से मिलने शिवपुर थाना क्षेत्र के चुप्पेपुर जा रहा था। इसी दौरान लोहरापुर रिंग रोड फेज-दो स्थित वरुणा पुल पर एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अरुण को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की खबर से रिश्तेदारों में मातम
घटना की जानकारी मिलते ही युवक की बुआ के परिवार के सदस्य और अन्य रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक के रिश्तेदार प्रदीप पटेल ने बताया कि अरुण उनके घर आने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। दूसरी ओर, मिर्जापुर में रहने वाले परिजनों को जैसे ही बेटे की मौत की सूचना मिली, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन वाराणसी के लिए रवाना हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से वाहन की पहचान करने में जुटी पुलिस
हादसे के बाद लोहता थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, परिजनों की शिकायत मिलने के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
