ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस की पदयात्रा

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस की पदयात्रा

क्वीन्स कॉलेज के मुख्य द्वार पर गंगाजल से शुद्धीकरण, राहुल गांधी के आह्वान पर मनाया काला दिवस

वाराणसी (रणभेरी): मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरुवार को वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में निकाली गई पदयात्रा मैदागिन स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा से शुरू होकर लहुराबीर के आजाद पार्क होते हुए क्वीन्स कॉलेज के मुख्य द्वार तक पहुंची।

क्वीन्स कॉलेज पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गंगाजल का छिड़काव कर मुख्य द्वार का सांकेतिक शुद्धीकरण किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई।

कांग्रेस नेताओं का कहना था कि ज्ञानेश कुमार ने क्वीन्स कॉलेज, वाराणसी से शिक्षा प्राप्त की है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों से संस्थान और काशी की प्रतिष्ठा पर भी चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का वोट सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है और चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस की पदयात्रा

लोकतांत्रिक संस्थाओं पर विश्वास जरूरी : चौबे

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के प्रति जनता का विश्वास बना रहना आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है और इन सवालों का जवाब पारदर्शी तरीके से दिया जाना चाहिए।

चौबे ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अपना आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शनों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि क्वीन्स कॉलेज की धरती से शिक्षा प्राप्त करने वाले ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक रूप से गंगाजल से शुद्धीकरण किया है। कांग्रेस का कहना है कि यह प्रदर्शन किसी व्यक्ति विशेष के बजाय चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवालों को लेकर है।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस की पदयात्रा

वोट का अधिकार जनता की सबसे बड़ी ताकत : राजेश्वर सिंह पटेल

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता अपने मत के जरिए सरकार चुनती है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि मतदान प्रक्रिया पर किसी प्रकार का प्रभाव पड़ता है तो यह सीधे मतदाता के अधिकार से जुड़ा विषय है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग करती रही है। उनके मुताबिक विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाना चाहिए। पटेल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग दोहराई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर अपना संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रखेगी। उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अपने आंदोलन से पीछे नहीं हटेगी।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

पदयात्रा और विरोध प्रदर्शन में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने की, जबकि महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कार्यक्रम का संयोजन किया।

प्रदर्शन में सजीव सिंह, गुलशन अली, फसाहत हुसैन, वकील अंसारी, प्रवीण प्रकाश, सुनील श्रीवास्तव, विनोद सिंह, रमजान अली, राजीव राम, वीरेंद्र कपूर, संतोष चौरसिया, अनुराधा यादव, पूनम विश्वकर्मा, हसन मेहदी कंब्बन, प्रमोद वर्मा, नरसिंह दास, अब्दुल हमीद, असलम खां, राजेंद्र गुप्ता, हाजी वोकाश, मनोज वर्मा मनू, बेलाल अहमद, संतोष मौर्य, लक्ष्मीनारायण यादव, रेनू चौधरी, विपिन पाल, अनिल पटेल, सत्येंद्र तिवारी, रंजना गुप्ता, मृत्युंजय सोनकर, आशुतोष पांडेय, मिठुन सरकार, कुंवर बबलू बिंद, किशन यादव, आनंद चौबे, रोशन श्रीवास्तव, रोहित दुबे, रामजी गुप्ता और विकास पांडेय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *