शिंजो आबे की याद में बने मेमोरियल कॉरिडोर को देख भावुक हुईं आकिए आबे, बोलीं- आज मेरी इच्छा पूरी हुई

शिंजो आबे की याद में बने मेमोरियल कॉरिडोर को देख भावुक हुईं आकिए आबे, बोलीं- आज मेरी इच्छा पूरी हुई

वाराणसी में CM योगी ने जापान के पूर्व PM शिंजो आबे की पत्नी का किया स्वागत, रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में दिखाया आबे मेमोरियल कॉरिडोर

वाराणसी (रणभेरी): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वाराणसी पहुंचे। पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर भाजपा के जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय शिंजो आबे की पत्नी आकिए आबे को उनकी स्मृति में तैयार किए गए ‘आबे मेमोरियल कॉरिडोर’ का अवलोकन कराया।

कॉरिडोर देखने के दौरान आकिए आबे अपने पति को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में शिंजो आबे वाराणसी आए थे और गंगा नदी को काफी करीब से देखा था। उनके मन में भी लंबे समय से काशी आने और यहां की परंपराओं व स्थलों को प्रत्यक्ष रूप से देखने की इच्छा थी। बुधवार को भारत आने के साथ उनकी यह इच्छा पूरी हो गई।

आकिए आबे ने कहा कि यदि शिंजो आबे आज जीवित होते और उनके नाम पर बनाए गए इस स्मारक को देखते, तो निश्चित रूप से उन्हें बहुत खुशी होती। पति की याद करते हुए उनकी आंखें नम हो गईं।

रुद्राक्ष सेंटर और आबे कॉरिडोर भारत-जापान संबंधों की निशानी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिंजो आबे भारत और जापान के रिश्तों को नई मजबूती देने वाले नेताओं में शामिल रहे। उनके और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच आत्मीय संबंधों ने दोनों देशों के रिश्तों को और गहरा किया।

योगी ने कहा कि रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर भी भारत-जापान की मित्रता का प्रतीक है। इसी परिसर में शिंजो आबे की स्मृति को समर्पित कॉरिडोर तैयार किया गया है। इसे भारत के करोड़ों लोगों और उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से जापान के पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने काशी की ओर से आकिए आबे और जापान से आए प्रतिनिधिमंडल का स्वागत भी किया।

शिंजो आबे की याद में बने मेमोरियल कॉरिडोर को देख भावुक हुईं आकिए आबे, बोलीं- आज मेरी इच्छा पूरी हुई

काशी से जुड़ी थी मोदी-आबे की दोस्ती

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिंजो आबे के बीच संबंध गुजरात से जुड़े दौर में मजबूत हुए। वर्ष 2007 में नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहते जापान यात्रा के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी। इसके बाद भारत-जापान के बीच रणनीतिक और आर्थिक सहयोग लगातार बढ़ता गया।

वर्ष 2014 में दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान वाराणसी और जापान के क्योटो शहर के बीच पार्टनर सिटी समझौते की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। दिसंबर 2015 में शिंजो आबे प्रधानमंत्री मोदी के साथ वाराणसी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गंगा तट पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और गंगा आरती भी देखी थी।

इसके बाद 2017 में अहमदाबाद में प्रधानमंत्री मोदी और शिंजो आबे ने मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना की आधारशिला रखी थी। इस परियोजना में जापान की तकनीकी और वित्तीय भागीदारी रही है।

शिंजो आबे की याद में बने मेमोरियल कॉरिडोर को देख भावुक हुईं आकिए आबे, बोलीं- आज मेरी इच्छा पूरी हुई

108 रुद्राक्ष ने खींचा आकिए आबे का ध्यान

आकिए आबे ने रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर की वास्तुकला की भी सराहना की। उन्होंने परिसर की बाहरी दीवारों पर लगाए गए 108 रुद्राक्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि जापानी संस्कृति में भी 108 अंक का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। बौद्ध परंपरा में नए वर्ष या विशेष अवसरों पर मंदिरों में 108 बार घंटियां बजाने की परंपरा का भी उन्होंने जिक्र किया।

नितिन नवीन की पहली बड़ी जनसभा आज

रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रोहनिया क्षेत्र में आयोजित भाजपा की जनसभा में शामिल होंगे। शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर होने वाली इस सभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन की काशी में यह पहली बड़ी जनसभा होगी। इसके लिए करीब 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

शिंजो आबे की याद में बने मेमोरियल कॉरिडोर को देख भावुक हुईं आकिए आबे, बोलीं- आज मेरी इच्छा पूरी हुई

सेवा संकल्प अभियान के समापन पर काशी पहुंची बाइक यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान का समापन कार्यक्रम भी काशी में हुआ। गुजरात के वडनगर से शुरू हुई बाइक यात्रा मंगलवार को वाराणसी पहुंची। करीब 500 बाइक सवार कार्यकर्ता इस यात्रा में शामिल रहे।

कार्यकर्ताओं ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में लगी एलईडी स्क्रीन के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। इसके बाद सभी कार्यकर्ता मैदागिन से पैदल काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने वाराणसी पहुंचे बाइक सवार कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वडनगर से काशी तक पहुंचे कार्यकर्ताओं का स्वागत करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे करने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *