PM Modi के 25 साल पूरे होने पर काशी में भव्य आयोजन, वडनगर से 500 बाइकर्स पहुंचे; बाबा विश्वनाथ का करेंगे जलाभिषेक

PM Modi के 25 साल पूरे होने पर काशी में भव्य आयोजन, वडनगर से 500 बाइकर्स पहुंचे; बाबा विश्वनाथ का करेंगे जलाभिषेक

वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सरकार के मुखिया के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ का बुधवार को काशी में समापन होगा। गुजरात के वडनगर से रवाना हुई सेवा संकल्प बाइक यात्रा मंगलवार शाम वाराणसी पहुंच गई। करीब 500 बाइक सवार कार्यकर्ता इस यात्रा में शामिल हैं।

यात्रा के काशी पहुंचने पर संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन एलईडी स्क्रीन के जरिए सुना। इसके बाद बाइक सवार हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज पहुंचे, जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। यहां से सभी बसों के जरिए मैदागिन जाएंगे। इसके बाद पैदल बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर गंगाजल से जलाभिषेक किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने किया बाइक सवारों का स्वागत

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने वडनगर से पहुंचे कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गुजरात के वडनगर से हजारों किलोमीटर की दूरी तय कर काशी पहुंचे कार्यकर्ताओं का यहां अभिनंदन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 25 वर्षों में गुजरात से लेकर देश तक लगातार जनसेवा को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिना थके और लगातार देश के लिए काम किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना करते हुए कहा कि देश की सेवा में उनका योगदान इसी तरह जारी रहे।

51 महिलाएं कलश लेकर चलेंगी

कार्यक्रम में शामिल पूजा दीक्षित ने बताया कि काशी में बुधवार को विशेष धार्मिक आयोजन होगा। 51 महिलाएं पीले वस्त्र पहनकर सिर पर कलश धारण करते हुए यात्रा में शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के आगमन को देखते हुए मां शक्ति के आह्वान के रूप में यह आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वडनगर से आए यात्री अपने साथ जल लेकर पहुंचे हैं। इस जल को गंगा में अर्पित किया जाएगा। इसके बाद काशी के गंगाजल से बाबा विश्वनाथ का रुद्राभिषेक किया जाएगा।

रोहनिया में नितिन नवीन की जनसभा

बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे रोहनिया क्षेत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की जनसभा प्रस्तावित है। शहर से लगभग 10 किलोमीटर दूर होने वाले इस कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद काशी में नितिन नवीन की यह पहली बड़ी जनसभा होगी।

मोदी ने वडनगर और काशी को बताया जीवन का आधार

इससे पहले दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में वडनगर और काशी से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी जन्मभूमि वडनगर से मिले संस्कारों ने उनके व्यक्तित्व को गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि काशी ने जनसेवा के अनुभवों को और व्यापक बनाया।

विधायक नीलकंठ तिवारी बोले- देश को नई दिशा मिली

भाजपा विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकारी दायित्व में सेवा के 25 वर्ष पूरे होना महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि गुजरात में उनके कार्यकाल के दौरान तैयार हुआ विकास मॉडल देश और दुनिया में चर्चा का विषय बना।

उन्होंने कहा कि केंद्र की सत्ता संभालने के बाद प्रधानमंत्री ने आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कड़े कदम उठाए तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। विकसित भारत के लक्ष्य के साथ देश आगे बढ़ रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा भी मजबूत हुई है।

नीलकंठ तिवारी ने कहा कि वडनगर से काशी तक पहुंचे बाइक सवार कार्यकर्ता प्रधानमंत्री की जन्मभूमि से उनकी कर्मभूमि तक सेवा और समर्पण का संदेश लेकर आए हैं। बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने के बाद काशी में इन सभी यात्रियों का अभिनंदन किया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *