(रणभेरी): अवधी गायक और कॉमेडियन संजय यदुवंशी की तलाश में सोमवार देर रात पुलिस उनके उघड़पुर स्थित आवास पर पहुंची। घर के मुख्य गेट पर ताला लगा होने के बाद पुलिसकर्मियों के दीवार फांदकर परिसर में दाखिल होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस को मौके पर संजय नहीं मिले।
इस दौरान संजय के परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें पुलिस और परिवार के सदस्यों के बीच तीखी बातचीत सुनाई दे रही है।
वीडियो में पुलिसकर्मी संजय को घर पर मौजूद होने की बात कहते हुए उनकी तलाश करते दिखाई देते हैं। परिवार की एक महिला का कहना है कि संजय हर समय घर पर नहीं रहते और उस वक्त वहां मौजूद नहीं थे। बातचीत के दौरान खुद को धम्मौर थाने का प्रभारी बताने वाले पुलिस अधिकारी और परिवार के एक युवक के बीच भी विवाद होता नजर आया।
युवक ने पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर सवाल उठाया तो अधिकारी ने कथित तौर पर पुलिस की ताकत और अधिकार का हवाला देते हुए जवाब दिया। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर संजय के परिवार ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं।
पुलिस का दावा- मारपीट और जानलेवा हमले के मुकदमे में तलाश
पुलिस क्षेत्राधिकारी रितिक कपूर के मुताबिक, कोतवाली नगर थाने में जफरुल हसन की ओर से उनके बेटे शबीब रजा के साथ मारपीट और जानलेवा हमला किए जाने की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस के अनुसार इस मामले में संजय यदुवंशी आरोपी हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
सीओ ने बताया कि इसी मुकदमे की विवेचना के सिलसिले में पुलिस टीम ने सोमवार देर रात संजय के घर पर दबिश दी थी। पुलिस के पहुंचने के समय वह घर पर नहीं मिले। पुलिस ने परिवार के साथ अभद्रता किए जाने के आरोपों को भी खारिज किया है।
संजय ने गिरफ्तारी की वजह और वारंट पर उठाए सवाल
घटना के बाद संजय यदुवंशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि आखिर पुलिस उन्हें किस मामले में गिरफ्तार करना चाहती है और उनकी गिरफ्तारी का वारंट कहां है।

संजय ने धम्मौर थाने के प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि थाना प्रभारी को निलंबित नहीं किया गया तो वह लखनऊ में धरना देंगे।
पिता का आरोप- पुलिस ने एनकाउंटर की बात कही
संजय के पिता सियाराम यादव ने भी पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि धम्मौर थाना प्रभारी कई पुलिसकर्मियों के साथ देर रात उनके घर पहुंचे और संजय के बारे में पूछताछ की।
पिता के मुताबिक, पुलिस अधिकारी ने संजय का एनकाउंटर करने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि उनके बच्चों के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए पुलिस जिम्मेदार होगी।
फिलहाल पुलिस और संजय के परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई दर्ज मुकदमे की जांच और आरोपी की तलाश के तहत की गई थी, जबकि परिवार ने पुलिस के रवैये पर सवाल उठाए हैं।
