नमो घाट पर एयर शो की तारीख बदली, अब 24 से 26 अक्टूबर तक होगा आयोजन

नमो घाट पर एयर शो की तारीख बदली, अब 24 से 26 अक्टूबर तक होगा आयोजन

वाराणसी (रणभेरी): नमो घाट पर प्रस्तावित एयर फोर्स एयर शो के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। पहले यह आयोजन 22 अक्टूबर से प्रस्तावित था, लेकिन विधान परिषद चुनाव की आदर्श आचार संहिता के चलते इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई है। अब एयर शो 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। 25 अक्टूबर को इसका मुख्य कार्यक्रम होगा।

एयर शो के कार्यक्रम में बदलाव को लेकर लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एयरफोर्स और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में चुनावी कार्यक्रम और आदर्श आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए आयोजन की नई तारीख तय की गई।

27 अक्टूबर को होगी मतगणना

वाराणसी शिक्षक और स्नातक एमएलसी निर्वाचन के चलते संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू है। चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन की प्रक्रिया 6 अक्टूबर तक चलेगी। वाराणसी निर्वाचन क्षेत्र के आठ जिलों—वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र—में 23 अक्टूबर को मतदान प्रस्तावित है। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।

नमो घाट पर एयर शो की तारीख बदली, अब 24 से 26 अक्टूबर तक होगा आयोजन

चुनावी आचार संहिता के प्रभावी रहने के कारण इस अवधि में बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम, जनसभाएं और लोकार्पण समारोह आयोजित करने पर रोक रहेगी। इसी वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे से जुड़े कुछ कार्यक्रमों को भी आगे बढ़ाया गया है।

एयर शो में पीएम मोदी और रक्षामंत्री के शामिल होने की संभावना

नए कार्यक्रम के अनुसार 25 अक्टूबर को एयर शो का मुख्य आयोजन होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों और अन्य विमानों का हवाई प्रदर्शन आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।

स्टेडियम और रोप-वे का उद्घाटन फिलहाल टला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे के दौरान गांजारी में बने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और रोप-वे परियोजना के लोकार्पण की भी तैयारी थी। हालांकि आदर्श आचार संहिता के चलते अब इन परियोजनाओं का उद्घाटन अक्टूबर में नहीं हो सकेगा।

प्रधानमंत्री का अगला वाराणसी दौरा नवंबर या दिसंबर में प्रस्तावित माना जा रहा है। इसी दौरान गांजारी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, रोप-वे और आनंद नगर योजना समेत अन्य परियोजनाओं के लोकार्पण की संभावना है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा भी उसी दौरे में हो सकती है।

इस तरह अक्टूबर में होने वाला एयर शो तो निर्धारित संशोधित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगा, लेकिन वाराणसी की प्रमुख विकास परियोजनाओं के लोकार्पण के लिए काशीवासियों को नवंबर-दिसंबर तक इंतजार करना पड़ सकता है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *