वाराणसी (रणभेरी): लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार शाम एक अजीबोगरीब मामला सामने आया। दुबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे एक यात्री ने कथित तौर पर शराब का अधिक सेवन कर लिया और पार्किंग क्षेत्र में ही बेसुध होकर लेट गया। काफी देर तक उसके इसी हालत में पड़े रहने के दौरान उसकी दुबई जाने वाली फ्लाइट भी रवाना हो गई।
जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर के बड़हलगंज निवासी भभिषण कुमार को एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-183 से दुबई जाना था। यात्री शाम करीब 5:30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचा था, जबकि फ्लाइट के रात करीब 9 बजे उड़ान भरने का निर्धारित समय था।
यात्रियों और टैक्सी चालकों ने की मदद की कोशिश
एयरपोर्ट की पार्किंग से गुजर रहे कुछ टैक्सी चालकों और यात्रियों की नजर जमीन पर पड़े युवक पर गई। लोगों ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन उसके मुंह से शराब की तेज गंध आने और कथित तौर पर अपशब्द कहने के बाद लोग वहां से हट गए। इसके बाद भी यात्री काफी समय तक पार्किंग में ही पड़ा रहा। इसी बीच निर्धारित समय पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट दुबई के लिए रवाना हो गई और यात्री उसे पकड़ नहीं सका।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
बाद में स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर फूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को यात्री बेसुध अवस्था में मिला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव भेजा गया, जहां उसका उपचार किया गया।
बाबतपुर चौकी प्रभारी विजय कुशवाहा के अनुसार, यात्री के परिजनों को उसके मोबाइल फोन के माध्यम से घटना की जानकारी दे दी गई थी। अत्यधिक नशे की वजह से वह समय पर फ्लाइट में नहीं पहुंच सका। पुलिस के मुताबिक, होश में आने के बाद यात्री को पूरी घटना की जानकारी हुई। गुरुवार सुबह नशा उतरने के बाद वह अपने घर के लिए रवाना हो गया।
