15 साल जिसे राखी बांधी, उसी युवक से युवती ने रचाई शादी; पिता ने बेटी का पुतला बनाकर किया अंतिम संस्कार

15 साल जिसे राखी बांधी, उसी युवक से युवती ने रचाई शादी; पिता ने बेटी का पुतला बनाकर किया अंतिम संस्कार

(रणभेरी): औद्योगिक थाना क्षेत्र के तेलुआवन गांव से रिश्तों को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 20 वर्षीय युवती ने गांव के ही 22 वर्षीय युवक से शादी कर ली। खास बात यह है कि युवती करीब 15 वर्षों से युवक को भाई मानकर राखी बांधती थी। दोनों के परिवारों के बीच भी लंबे समय से आना-जाना था।

युवती के घरवालों को जब दोनों के घर से चले जाने और शादी करने की जानकारी मिली तो परिवार ने उससे संबंध खत्म करने का फैसला कर लिया। पिता ने बेटी को मृत मानते हुए उसका प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार तक कर दिया। परिवार ने उसकी तस्वीर पर नाम के आगे ‘स्वर्गीय’ लिख दिया और उसकी पुण्यतिथि भी मनाई।

घर से जाने के बाद की शादी

तेलुआवन गांव निवासी गणेश पांडेय के चार बच्चे हैं। उनकी दूसरी बेटी नंदनी पांडेय की उम्र 20 वर्ष है। गांव के ही शाश्वत गुप्ता का पांडेय परिवार के घर आना-जाना था। शाश्वत कानून की पढ़ाई कर रहा है, जबकि उसके पिता बिजली विभाग में कार्यरत बताए गए हैं।

15 साल जिसे राखी बांधी, उसी युवक से युवती ने रचाई शादी; पिता ने बेटी का पुतला बनाकर किया अंतिम संस्कार

परिवार के मुताबिक नंदनी और शाश्वत एक-दूसरे को भाई-बहन की तरह मानते थे और नंदनी उसे कई वर्षों से राखी बांधती थी। हालांकि बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। दोनों ने 20 सितंबर को घर से निकलकर अपनी मर्जी से शादी कर ली।

युवती ने वीडियो जारी कर कही अपनी बात

शादी के बाद नंदनी ने वीडियो जारी कर कहा कि उसने और शाश्वत ने अपनी इच्छा से विवाह किया है। उसने लोगों से दोनों को परेशान नहीं करने की अपील की। नंदनी के मुताबिक, परिवार ने 22 अगस्त को ही उसका प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया था। उसका कहना है कि जिस दिन परिवार ने उसे अपने लिए मृत मान लिया, उसी दिन उसने भी परिजनों से अपना रिश्ता खत्म मान लिया।

युवती ने अपने पिता पर मारपीट और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप भी लगाए। उसने कहा कि लंबे समय से उसकी तबीयत खराब थी और उसे उचित इलाज नहीं मिल पा रहा था। नंदनी का दावा है कि शादी के बाद उसे पति और ससुराल पक्ष से इलाज तथा दूसरी जरूरी सुविधाएं मिल रही हैं और वह उनके साथ रह रही है।

दो लाख रुपये लेकर भागने के आरोप से इनकार

नंदनी ने परिवार की ओर से लगाए गए दो लाख रुपये लेकर घर से जाने के आरोप को भी गलत बताया। उसका कहना है कि उनके घर में इतनी बड़ी रकम नकद मौजूद ही नहीं थी।

मां ने कहा- शादी ज्यादा दिन नहीं चलेगी

नंदनी की मां मंशा पांडेय ने शादी पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि शाश्वत लंबे समय से उनके घर आता-जाता था और उनकी बेटी उसे भाई मानकर राखी बांधती थी।

मां ने आरोप लगाया कि युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। उन्होंने शादी के भविष्य पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें आशंका है कि यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चलेगा। परिवार ने 22 सितंबर को नंदनी की पुण्यतिथि भी मनाई। परिजनों का कहना है कि अब उन्होंने नंदनी से अपना संबंध समाप्त कर लिया है। वहीं नंदनी अपने पति के साथ रहने और अपनी शादी को स्वेच्छा से किया गया विवाह बता रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *