वाराणसी (रणभेरी) : वाराणसी के हिरामनपुर फीडर से जुड़े गांवों में लगातार तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार रात गजोखर विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने और अपने फीडर की आपूर्ति तत्काल बहाल कराने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप था कि लंबे समय से बिजली नहीं मिलने के बावजूद समस्या के समाधान में देरी हो रही है। अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने उपकेंद्र से जुड़े अन्य फीडरों की बिजली आपूर्ति भी बंद करा दी। इससे गजोखर समेत आसपास के कई इलाकों में भी बिजली गुल हो गई।
दूसरे गांवों के लोग पहुंचे तो बढ़ा विवाद
अन्य फीडरों की बिजली बंद होने की जानकारी मिलने के बाद प्रभावित गांवों के ग्रामीण भी रात में विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए। वहां पहले से मौजूद ग्रामीणों से उनकी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला विवाद और मारपीट तक पहुंच गया प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और एक-दूसरे पर सामान फेंकने की स्थिति बनी। इस दौरान एक स्कार्पियो वाहन को नुकसान पहुंचाए जाने का आरोप भी सामने आया है।

हंगामे की सूचना मिलने पर फूलपुर थाना प्रभारी अजय राज वर्मा पुलिस बल के साथ उपकेंद्र पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की। इसके बाद बंद कराए गए अन्य फीडरों की बिजली आपूर्ति दोबारा चालू कराई गई।
आंधी-बारिश में क्षतिग्रस्त हुए थे बिजली के खंभे
गजोखर के एसडीओ अमित कुमार सिंह के मुताबिक, कुछ दिन पहले क्षेत्र में आई तेज आंधी और बारिश के कारण बिजली के कई पोल क्षतिग्रस्त होकर गिर गए थे। इससे हिरामनपुर फीडर से जुड़े गांवों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई।
एसडीओ ने बताया कि क्षतिग्रस्त पोल को बदलने और लाइन दुरुस्त करने का काम कराया जा रहा था। रविवार शाम तक एक टूटे पोल को बदल दिया गया था। विभाग की ओर से ग्रामीणों को जल्द आपूर्ति बहाल होने की जानकारी दी गई थी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सोमवार सुबह तक हिरामनपुर फीडर की बिजली व्यवस्था सामान्य किए जाने की उम्मीद थी। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण उपकेंद्र से वापस लौट गए।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
फूलपुर पुलिस के अनुसार, घटना को लेकर अभी किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
