वाराणसी में तेज रफ्तार ट्रक ने दो साइकिल सवारों को कुचला, फल विक्रेता और 10वीं के छात्र की मौत, हादसे के बाद चालक फरार

वाराणसी में तेज रफ्तार ट्रक ने दो साइकिल सवारों को कुचला, फल विक्रेता और 10वीं के छात्र की मौत, हादसे के बाद चालक फरार

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो साइकिल सवारों की मौत हो गई। महाजन इंटरनेशनल फैक्ट्री के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

हादसे की सूचना मिलने पर लोहता पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।

मंडी से फल लेकर घर लौट रहे थे उमर

मृतकों में लोहता क्षेत्र के भट्टी निवासी छेदी फल वाले उर्फ उमर (60) शामिल हैं। वह चौराहे पर ठेला लगाकर फल बेचते थे। शनिवार सुबह वह साइकिल से मंडी गए थे। वहां से केला और अन्य फल खरीदने के बाद घर लौट रहे थे। बताया गया कि उमर का घर हादसे वाली जगह से करीब 800 मीटर की दूरी पर था। वह महाजन इंटरनेशनल फैक्ट्री के सामने पहुंचे ही थे कि पीछे से आए ट्रक की चपेट में आ गए।

वाराणसी में तेज रफ्तार ट्रक ने दो साइकिल सवारों को कुचला, फल विक्रेता और 10वीं के छात्र की मौत, हादसे के बाद चालक फरार

बाजार जाने के दौरान हादसे का शिकार हुआ राशिद

दूसरे मृतक की पहचान राशिद जमाल (16), पुत्र अनवारुल हक के रूप में हुई है। वह अलावह की बड़ी मस्जिद के पास रहता था और कक्षा 10 का छात्र था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार सुबह राशिद साइकिल लेकर किसी काम से बाजार के लिए निकला था। वह महाजन इंटरनेशनल फैक्ट्री के पास पहुंचा था, तभी अकेलवा की ओर से चांदपुर की तरफ जा रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद मौके पर जुटे लोग

टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सड़क पर क्षतिग्रस्त साइकिल और बिखरा सामान देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जरूरी कार्रवाई पूरी की और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से फरार ट्रक और चालक की जानकारी जुटाने में लगी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *