वाराणसी (रणभेरी): अनंत चतुर्दशी के पर्व पर शुक्रवार को शहर में धार्मिक उल्लास का माहौल रहा। लक्ष्मी कुंड स्थित तालाब के आसपास सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-शांति व समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं ने स्नान और पूजन के बाद भगवान विष्णु की आरती की। मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भी लोगों की भीड़ रही। पूजा के दौरान महिलाओं ने परंपरा के अनुसार अनंत सूत्र धारण किया। धार्मिक मान्यता के मुताबिक अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान विष्णु की आराधना और व्रत का विशेष महत्व है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि अनंत भगवान की पूजा करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और परिवार पर ईश्वर की कृपा बनी रहती है।

पूजन के बाद महिलाओं ने अनंत सूत्र को बाजू पर बांधा। परंपरा के अनुसार इस सूत्र में 14 गांठें लगाई जाती हैं, जिन्हें 14 लोकों का प्रतीक माना जाता है।

श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कर परिवार की सुरक्षा, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। लक्ष्मी कुंड परिसर में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा। पूजा-पाठ और आरती के बीच वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने अनंत चतुर्दशी को आस्था, आत्मबल और परिवार की मंगलकामना से जुड़ा पर्व बताया।
