(रणभेरी): सोनभद्र जिले के घोरावल थाना क्षेत्र अंतर्गत केवली गांव के पास खाखे मोड़ नहर पुलिया चौराहे पर बुधवार रात पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो तस्कर गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक मुख्य आरक्षी भी घायल हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे गो-तस्करी विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय के नेतृत्व में घोरावल, करमा और शाहगंज थानों की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर प्लेट की पिकअप वाहन से गोवंश को मध्य प्रदेश सीमा से बिहार की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खाखे मोड़ के पास घेराबंदी की। खुद को फंसा देख तस्करों ने भागने की कोशिश की और पिकअप वाहन से एक मुख्य आरक्षी को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया।
इसके बाद तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों तस्करों के पैरों में गोली लगी। घायल आरोपियों की पहचान सिद्धनाथ खरवार (29) निवासी अमहरा, थाना अधौरा, जिला कैमूर (बिहार) और ओमप्रकाश यादव (30) निवासी चैनपुर, भभुआ (बिहार) के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल भेजा गया।
मौके से पुलिस ने पिकअप वाहन में लदे नौ गोवंश बरामद किए, जिनमें एक गोवंश मृत अवस्था में मिला। इसके अलावा दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह के रूप में लंबे समय से गो-तस्करी में लिप्त हैं। मध्य प्रदेश सीमा क्षेत्र से गोवंश लादकर उन्हें नौगढ़ के रास्ते बिहार ले जाया जाता था, जहां से आगे पश्चिम बंगाल भेजा जाता था। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
