वाराणसी में बस ने बाइक सवार को कुचला: MTech के बाद पिता के साथ करते थे ठेकेदारी, पत्नी और 2 बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

वाराणसी में बस ने बाइक सवार को कुचला: MTech के बाद पिता के साथ करते थे ठेकेदारी, पत्नी और 2 बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में शिवपुर थाना क्षेत्र के सिद्धिपुर में बुधवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। संत अतुलानंद तिराहे के आगे एक बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अनुज सिंह पटेल सड़क पर जा गिरे और बस का पिछला पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। बारिश के बीच पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को व्यवस्थित करने का प्रयास किया। इसके बावजूद लोगों की भीड़ बढ़ने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब ढाई घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।

एसीपी ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

जाम की सूचना मिलने पर एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

परिजनों की ओर से न्याय और मुआवजे की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका।

वाराणसी में बस ने बाइक सवार को कुचला: MTech के बाद पिता के साथ करते थे ठेकेदारी, पत्नी और 2 बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

एमटेक करने के बाद पिता के साथ करते थे काम

परिजनों ने बताया कि अनुज बुधवार को काम के सिलसिले में शहर गए थे। शाम को बाइक से वापस सिद्धिपुर स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान संत अतुलानंद तिराहे के आगे बस की टक्कर से हादसा हो गया।

अनुज ने एमटेक की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वह अपने पिता अमरनाथ सिंह के साथ ठेकेदारी के काम में हाथ बंटा रहे थे। उनके पिता मकान निर्माण से जुड़े कार्य करते हैं। अनुज की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। मां चंद्रवती देवी, पत्नी प्रियंका और दो छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *