मैजिक की चपेट में आने से साढ़े 3 साल के मासूम की मौत, दो बहनों के सामने हुआ दर्दनाक हादसा

मैजिक की चपेट में आने से साढ़े 3 साल के मासूम की मौत, दो बहनों के सामने हुआ दर्दनाक हादसा

(रणभेरी): जौनपुर जिले के केराकत क्षेत्र के पचवार गांव में मंगलवार सुबह करीब आठ बजे दर्दनाक हादसे में साढ़े तीन साल के मासूम की मौत हो गई। एकेएस एकेडमी की मैजिक की चपेट में आने से आरव गौड़ पुत्र सुनील गौड़ की जान चली गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बताया गया कि आरव की दो बड़ी बहनें माही और प्राची एकेएस एकेडमी में पढ़ती हैं। हादसे के दौरान दोनों बहनों ने अपने भाई को वाहन के नीचे दबा देखा तो चीखने-चिल्लाने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

आरोप है कि वाहन लेकर स्कूल पहुंचा चालक

आरोप है कि हादसे के बाद चालक मैजिक लेकर स्कूल की ओर चला गया और वाहन को स्कूल परिसर में खड़ा कर वहां से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल मैजिक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और चालक की तलाश की जा रही है।

स्कूल प्रबंधन में मचा हड़कंप

हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन में भी हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि स्कूल संचालक भी विद्यालय के प्रिंसिपल के हवाले कर मौके से चला गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल

आरव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां ज्योति और पिता सुनील कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। केराकत कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि घटना में शामिल वाहन को सीज कर दिया गया है। चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *