वाराणसी (रणभेरी): पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने सोमवार देर रात कमिश्नरेट में तीन डीसीपी के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया। इस बदलाव के तहत आईपीएस अधिकारियों की हालिया स्थानांतरण सूची में शामिल प्रमोद कुमार को वरुणा जोन के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
कानपुर से स्थानांतरित होकर वाराणसी पहुंचे डीसीपी राजेश पाण्डेय को वरुणा जोन की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह वाराणसी में एडीसीपी ट्रैफिक के पद पर तैनात रह चुके हैं। शहर की पुलिस व्यवस्था और वरुणा जोन के क्षेत्र से उनके पूर्व परिचय को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल के कार्यक्षेत्र में भी विस्तार किया गया है। अब काशी जोन के साथ पुलिस लाइंस की जिम्मेदारी भी उनके पास होगी। पुलिस लाइंस का अतिरिक्त प्रभार अब तक प्रमोद कुमार संभाल रहे थे।
वीआईपी मूवमेंट और संवेदनशील इलाकों पर रहेगी नजर
वरुणा जोन की जिम्मेदारी संभालने वाले राजेश पाण्डेय के सामने कई महत्वपूर्ण चुनौतियां रहेंगी। इस जोन में न्यायालय और जिला मुख्यालय जैसे प्रमुख संस्थान आते हैं। इसके अलावा समय-समय पर होने वाले वीआईपी आवागमन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी पुलिस के लिए अहम जिम्मेदारी रहती है। राजेश पाण्डेय मंगलवार को वरुणा जोन कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण करेंगे। इसके बाद वह क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था और प्रमुख सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर सकते हैं।
