एक महीने से जाम था सीवेज, शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान; लोगों ने चंदा जुटाकर खुद कराई सफाई

एक महीने से जाम था सीवेज, शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान; लोगों ने चंदा जुटाकर खुद कराई सफाई

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी मे लोहता क्षेत्र के रहीमपुर पोखरी में करीब एक महीने से सीवेज जाम होने के कारण स्थानीय लोग परेशान हैं। सीवेज का गंदा पानी पोखरी क्षेत्र में बहने से आसपास गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना हुआ था। शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान न होने पर स्थानीय लोगों ने आपस में चंदा जुटाया और खुद सीवेज की सफाई कराई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सीवेज जाम होने की शिकायत कई बार लोहता पार्षद शमीम नोमानी से की गई। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी रही। लगातार गंदा पानी बहने से लोगों को आने-जाने में भी परेशानी हो रही थी। दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

बशीर अहमद ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले लोगों को अपनी जेब से चंदा जुटाकर सीवेज की सफाई करवानी पड़े, यह व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। लोगों का कहना है कि सिर्फ एक बार सफाई कराने से समस्या खत्म नहीं होगी।

क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से रहीमपुर पोखरी में सीवेज व्यवस्था की जांच कराने और जाम की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सीवेज निकासी की पूरी व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि भविष्य में दोबारा जलभराव, गंदगी और दुर्गंध की स्थिति न बने।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *