लुधियाना में भाजपा का प्रदर्शन; एक दिन पहले काफिले पर हुए हमले का बताया जवाब, बोले- AAP विरोध करेगी तो भाजपा भी लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करेगी
(रणभेरी): पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू के नेतृत्व में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले के खिलाफ प्रदर्शन किया। पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के गेट के पास प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के काफिले की ओर अंडे और टमाटर फेंके। इस दौरान बिट्टू ने शराब की बोतल लहराते हुए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह बोतल मुख्यमंत्री को वापस कर रहे हैं।
बिट्टू ने कहा, “भगवंत मान अपनी शराब का आनंद लो और अरविंद केजरीवाल को दिल्ली से पंजाब को लूटने दें।” प्रदर्शन के दौरान पंजाब पुलिस ने बिट्टू को हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए जाने के बाद बिट्टू के एक्स हैंडल से पोस्ट किया गया कि लोगों की आवाज को हिरासत और मुकदमों से दबाया नहीं जा सकता। पोस्ट में कहा गया कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है, लेकिन उनका हौसला बुलंद है।

एक दिन पहले काफिले पर अंडे-टमाटर फेंकने का आरोप
बिट्टू ने कहा कि एक दिन पहले बटाला के पास उनके काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके गए थे। शनिवार को प्रदर्शन के दौरान उन्होंने वही अंडे-टमाटर वापस किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार को उनके काफिले पर हुए हमले में वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और इसके पीछे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता थे।
बोले- विरोध का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगे
बिट्टू ने कहा कि यदि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा नेताओं, रैलियों और यात्राओं का विरोध करेंगे तो भाजपा कार्यकर्ता भी पंजाब सरकार और उसके नेताओं के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
सीएम के कार्यक्रमों के बाहर प्रदर्शन की चेतावनी
भाजपा नेता ने कहा कि जरूरत पड़ने पर पार्टी मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों और कार्यालयों के बाहर शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार पुलिस कार्रवाई के जरिए राजनीतिक विरोध की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को भाजपा की नशा मुक्त रथ यात्रा शुरू होने से पहले बटाला के पास बिट्टू के काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके जाने की घटना सामने आई थी। बिट्टू अमृतसर से पठानकोट में आयोजित यात्रा में शामिल होने जा रहे थे।
